संभल : अज्ञात वाहन की टक्कर से खाई में पलटी कार, दो भाइयों समेत चार की मौत
घायल एक युवक को उपचार के लिए अलीगढ़ ट्रामा सेंटर में कराया गया भर्ती
संभल/बबराला/रजपुरा, अमृत विचार। जनपद बुलंदशहर के डिबाई थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से ईको कार के परखच्चे उड़ गए और खंदक में पलट गई। हादसे में धनारी थाना क्षेत्र दो भाइयों समेत चार युवकों की मौत हो गई। गंभीर घायल एक युवक को अलीगढ़ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। चार युवकों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया।
हादसा सोमवार देर रात करीब दो बजे बुलंदशहर के डिबाई थाना क्षेत्र में गांव दानपुर के पास मदरसे के सामने हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और खाई में पलट गई। हादसे में धनारी थाना क्षेत्र के गांव गढ़ा निवासी पुष्पेद्र कुमार (18 ) पुत्र प्रेमपाल, जितेंद्र कुमार (20 ) पुत्र रामनिवास, सगे भाई नीरज कुमार (25 ) और प्रमोद कुमार (18 ) पुत्रगण हेतराम की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि कार सवार मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। मुकेश को अलीगढ़ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। परिजनों के मुताबिक, जितेंद्र कुमार ने हाल ही में ईको कार खरीदी थी। सोमवार को जितेंद्र कुमार अपने साथी नीरज की पत्नी को उसके मायके अतरौली के गांव सलेमपुर छोड़ने गया था। देररात कार सवार सभी युवक नोएडा लौटने लगे तो राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसा हो गया। पुलिस हादसे का कारण बने अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुट गई।
ये भी पढ़ें:- संभल: स्कूल नहीं जाने को लेकर हुए विवाद दो बहनों ने खाया जहर, बिगड़ी हालत
