संभल: स्कूल नहीं जाने को लेकर हुए विवाद दो बहनों ने खाया जहर, बिगड़ी हालत
निजी अस्पताल में कराया भर्ती ,उपचार के बाद हुआ सुधार, फिर किशोरी की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल लाए परिजन, पहुंची पुलिस
संभल, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र में स्कूल नहीं जाने पर किशोरी और बड़ी बहन के बीच विवाद हुआ तो दोनों ने जहर का सेवन कर लिया। निजी अस्पताल में उपचार से हालत सुधरने पर दोनों को परिजन घर ले गए। अचानक फिर से किशोरी की हालत बिगड़ी तो जिला अस्पताल लाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण की 14 वर्षीय बेटी क्षेत्र के ही इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की छात्रा है। बताते हैं कि किशोरी एक महीने से स्कूल नहीं गई। शनिवार को बड़ी बहन ने किशोरी से स्कूल जाने के लिए कहा तो दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने गुस्से में जहर का सेवन कर लिया। जहर खाने से किशोर और बड़ी बहन की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने दोनों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। डॉक्टर के उपचार करने पर दोनों की हालत सुधरी तो रविवार को परिजन घर ले गए।
इस बीच सोमवार को सुबह किशोरी की हालत फिर से बिगड़ गई। तब परिजनों को हाथ पांव फूल गए। परिजन आनन फानन में किशोरी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टर ने जानकारी लेने के बाद उपचार शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी। कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: अवैध रूप से संचालित अस्पतालों पर कार्रवाई की मांग, शिव सेना कार्यकर्ताओं ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन
