शाहजहांपुर: पत्नी से विवाद पर युवक ने रामगंगा में लगाई छलांग, तलाश करने के दौरान दो युवक भी डूबे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दो थानों की पुलिस एनडीआरएफ के जरिये तीनों की कराती रही तलाश, नहीं मिली सफलता

फोटो- रामगंगा में डूबे युवकों को तलाश करती टीम।

मिर्जापुर/ कलान, अमृत विचार। ससुराल में पत्नी से विवाद होने पर बदायूं के युवक ने रामगंगा में छलांग लगा दी। उसकी तलाश में जुटे युवकों में से दो युवक भी रामगंगा में डूब गए। तीनों के शवों को पुलिस एनडीआरएफ की टीम के जरिये तलाश करवाती रही, लेकिन देर शाम तक उनका पता नहीं चला। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

कलान थाना क्षेत्र के चौराबगरखेत में बदायूं जिले के थाना हजरतपुर के गांव रुंध निवासी 28 वर्षीय सोनू पुत्र कृष्णपाल सिंह अपनी ससुराल में पत्नी तुलसी पुत्री नन्द किशोर की विदा कराने के लिए चार दिन पहले आया था। सोमवार को जब उसने अपनी पत्नी तुलसी से घर चलने को कहा, तो पत्नी ने जाने से मना कर दिया।

इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। जिससे गुस्से में आकर सोनू गांव से लगभग दो सौ मीटर दूर बह रही रामगंगा नदी में शाम को लगभग चार बजे कूद गया और गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। मंगलवार सुबह से लेकर दोपहर तीन बजे तक गोताखोरों के जरिये सोनू के शव की तलाश कराई गई, मगर उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका।

वहीं दूसरी तरफ सोनू के शव की तलाश में चौराबगर खेत के 14 से 18 वर्ष तक के कई युवक तेजवीर, धर्मवीर, कल्लू, संदीप,अरुन कुमार, नन्हे, सचिन, ओमकार सहित लगभग एक दर्जन युवक गांव से लगभग छह किलोमीटर दूर मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव गाजीपुर चिकटिया के मजरा मड़ैयां गांव के सामने रामगंगा नदी के पास आ गए।

सोनू के शव की तलाश में धर्मवीर, सचिन तथा ओमकार सहित पांच युवक नदी में उतर गए। काफी गहरा पानी होने के कारण सचिन,ओमकार धर्मवीर सहित नदी में उतरे सभी युवक डूबने लगे। इस दौरान नदी के किनारे खड़े अन्य युवकों ने शोर मचाया तो पास में ही खेतों पर काम कर रहे लोगों ने धर्मवीर सहित तीन युवकों को तो बचा लिया, मगर सचिन तथा ओमकार को डूबने से नहीं बचा सके। दोनों पानी में डूबकर लापता हो गए।

सूचना पर मिर्जापुर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार तथा कलान थाने के प्रभारी निरीक्षक गौरव त्यागी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शवों की तलाश में एनडीआरएफ की टीम को बुलाकर रामगंगा नदी में उतारा गया। मगर देर शाम तक शवों का कोई पता नही चल सका। नदी में डूबे युवकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

सोनू अपनी ससुराल चौराबगर खेत में अपनी पत्नी तुलसी की विदा कराने के लिए आया था। पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिससे गुस्से में आकर सोनू रामगंगा नदी में कूद गया---गौरव त्यागी, प्रभारी निरीक्षक थाना कलान।

कलान क्षेत्र के गांव चौराबगर खेत में रामगंगा नदी में डूबे सोनू के शव की तलाश में कई युवक यहां पर आए थे, जिसमें सचिन तथा ओमकार नदी में डूब गए जिनकी तलाश कराई जा रही है---विनोद कुमार, प्रभारी निरीक्षक थाना मिर्जापुर।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: पोस्ट डालने पर केस दर्ज करने के मामले में सवालों में आई पुलिस

संबंधित समाचार