Kannauj Accident : ट्रक ने ट्रैक्टर में मारी टक्कर, एक की मौत, सात लोग घायल, मूंगफली बेचने जा रहे थे किसान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में सड़क हादसे में एक की मौत।

कन्नौज में ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि सात लोग घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस जांच में जुटी।

कन्नौज, अमृत विचार। तवाली क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। ग्राम सबलपुर एन एच34 जीटी रोड पर ट्रक ने मूंगफली लदी ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रॉली के नीचे आने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि अन्य सात किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सौ शैया अस्पताल तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रेमपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम सबलपुर एन एच 34 पर मंगलवार की रात लगभग 12:30 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने मूंगफली लदी ट्रैक्टर ट्राली में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्राली पर बैठे पप्पी उर्फ सुभाष चंद्र की दबने से मौके पर ही मौत हो गई। अन्य सात किसान गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद थाना भोगांव के ग्राम दिवनपुर चौधरी के निवासी पप्पी उर्फ सुभाष चंद्र पुत्र दीनदयाल, अरवेश पुत्र महाराज सिंह प्रजापति, सुभाष राजपूत पुत्र गंगादीन, श्याम सिंह पुत्र नेकराम, रघुनाथ कश्यप पुत्र अगनु लाल, उमेश चंद्र राजपूत पुत्र गोकर्ण सिंह, आकाश शर्मा पुत्र रनवीर सिंह व हृदेश दिवाकर पुत्र अमर सिंह आदि किसान ट्रैक्टर पर अपनी अपनी मूंगफली लादकर अल्लागंज शाहजहांपुर मंडी जा रहे थे।

जैसे ही ट्रैक्टर नेशनल हाईवे 34 प्रेमपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम सबलपुर के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। ट्रैक्टर ट्राली के नीचे आने से पप्पी उर्फ सुभाष चंद्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। 

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस के द्वारा सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां चार किसानों की हालत गंभीर होने पर तिर्वा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी होते ही मृतक किसान की पत्नी सरिता देवी सहित तीन बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। वहीं कोतवाली प्रभारी अजय कुमार पाठक ने बताया कि अज्ञात ट्रक व उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरे की मदद से ट्रक की पहचान कर ली जाएगी।

संबंधित समाचार