Banda News: DM ने विद्यालय के निरीक्षण में परखी शैक्षिक गुणवत्ता, गंदगी देख चढ़ा पारा, कमजोर बच्चों के लिए ये बोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने विद्यालय के निरीक्षण में परखी शैक्षिक गुणवत्ता।

बांदा में जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने विद्यालय के निरीक्षण में परखी शैक्षिक गुणवत्ता। परिषदीय विद्यालयों में गंदगी देख डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने कमजोर बच्चों को चिन्हित कर आगे बैठाने के निर्देश दिए।

बांदा, अमृत विचार। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने तीन परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए बच्चों से पुस्तकें पढ़ाकर शैक्षिक गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शौचालय में गंदगी और कमरों में रोशनी कम मिलने पर डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने शौचालय सफाई के साथ कमरों में तेज रोशनी वाले बल्ब लगाने को कहा। साथ ही विद्यालय में कमजोर बच्चों को चिन्हित कर आगे बैठाने के निर्देश दिए।  

डीएम ने बुधवार को महुआ विकास खंड के पनगरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में कक्षा पांच के बच्चों से हिंदी की पुस्तक पढवाकर शिक्षा की गुणवत्ता के साथ हिंदी ज्ञान परखा। कक्षा दो के बच्चों से नौ का पहाड़ा सुना। उन्होंने शिक्षकों को कमजोर बच्चों को चिन्हित कर आगे बैठाने के निर्देश दिए।

शौचालय में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए सफाई को कहा। विद्यालय कक्ष में पर्याप्त रोशनी न होने पर अधिक रोशनी के बल्ब लगाने व नल को ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पनगरा गांव स्थित एक अन्य प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में डीएम ने पहली व दूसरी कक्षा के बच्चों से अक्षर ज्ञान व तीन का पहाड़ा सुना।

मिड-डे-मील. पेयजल, सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए शौचालय निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते हुए बिजली कनेक्शन कराने को कहा। उच्च प्राथमिक विद्यालय गोखिया में कक्षा छह, सात व आठ के बच्चों से गणित के फार्मूले व वर्गमूल निकालने के विधि पूछी।

शिक्षकों को बच्चों को हिंदी भाषा के कठिन शब्दों के अर्थ समझाने के निर्देश दिए। लाइब्रेरी, शौचालय, एस्ट्रोनामी लैब का निरीक्षण किया। शिक्षकों को लाइबे्ररी से बच्चों को पुस्तकें घर में पढनें को रजिस्टर बनाकर जारी करने के निर्देश दिये। इस मौके पर उप जिलाधिकारी नरैनी, बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत प्रधानाध्यापक गुलनाज सिद्दीकी, कृष्णपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार