Kanpur: हनुमंत विहार में तैनात सिपाही टाटमिल पर कर रहा वसूली, विरोध करने पर वाहन चालकों से भिड़ा, फिर हुआ ये सब
कानपुर में वसूली के मामले में सिपाही को किया लाइन हाजिर।
कानपुर के हनुमंत विहार थाने में तैनात सिपाही टाटमिल पर वसूली कर रहा था। वसूली का विरोध करने पर वाहन चालकों से झड़प हुई। वीडियो वायरल होते ही मामले को अधिकारियों ने संज्ञान में लेकर सिपाही को लाइन हाजिर किया।
कानपुर, अमृत विचार। हनुमंत विहार थाने में तैनात सिपाही पर पैसों की भूख इस कदर हावी थी कि वह दूसरे बाबूपुरवा थानाक्षेत्र में जाकर अवैध वसूली के कृत्य को अंजाम दिया करता था। बुधवार को अवैध वसूली से तंग आकर लोगों ने विरोध किया, जिस पर सिपाही मारपीट पर उतारू हो गया।
राहगीरों ने सिपाही का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही मामले को अधिकारियों ने संज्ञान में लेकर सिपाही को लाइन हाजिर किया।
हनुमंत विहार थाने में तैनात सिपाही मानवेंद्र सिंह बीते कई दिनों से वर्दी का रौब दिखा कर बाबूपुरवा थानाक्षेत्र के टाटमिल बस अड्डे में आए दिन बस, टैंपो चालकों से अवैध वसूली की घटना को अंजाम दे रहा था। रोज की भांति बुधवार सुबह सिपाही बस अड्डै पर रोड पर खड़ी प्राइवेट बस चालकों से कार्रवाई का भय दिखा कर अवैध वसूली कर रहा था। तभी एक आटो चालक बस अड्डे पर सावारियां भर रहा था।
इतने में सिपाही ने आटो की चाभी निकाल कर पैसों की मांग की। पैसे देने से मना करने सिपाही ने आटो चालक से पैसे छीन लिए, जिसके बाद बस अड्डे पर मौजूद वाहन चालकों ने अवैध वसूली से तंग आकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होता देख सिपाही ने चालक के पैसे वापस कर दिए। चालकों ने आरोप लगाया कि सिपाही नेमप्लेट हटाकर आए दिन रेहड़ी दुकानदारो, आटो-टैंपो व बस चालकों से अवैध वसूली करता है।
मौके पर मौजूद लोग सिपाही का वीडियो बनाने लगे, जिस पर सिपाही मौके से फरार हो गया। बाबूपुरवा थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि सिपाही हुनमंत विहार में तैनात है, जिसके बाद हनुमंत विहार थाना प्रभारी सतीश राठौर मौके पर पहुंचे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लिया। एडीसीपी अंकिता शर्मा ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेकर सिपाही को लाइन हाजिर किया गया है।
