Banda News : ऑटोमैटिक सिग्नल प्रणाली से लैस हुआ शहर का बाबूलाल चौराहा, जाम की समस्या से लोगों को मिलेगा निजात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में ऑटोमैटिक सिग्नल प्रणाली से लैस हुआ शहर का बाबूलाल चौराहा।

बांदा में ऑटोमैटिक सिग्नल प्रणाली से शहर का बाबूलाल चौराहा लैस हुआ। चौराहे पर अब ऑटोमैटिक सिग्नल देखकर वाहन गुजरेंगे।

बांदा, अमृत विचार। शहर में बहुप्रतीक्षित स्वचालित यातायात सिग्नल की स्थापना हो गई। यातायात को पटरी पर लाने के लिये शहर के व्यस्ततम बाबूलाल चौराहे को ऑटोमैटिक सिग्नल प्रणाली से लैस किया गया है। नई सिग्नल प्रणाली का शुभारंभ हो गया। मुख्य चैराहा पर नासूर बनी जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लगातार कार्रवाई की जद में रहेंगे। 

Banda News  (44)

शहर के व्यस्ततम बाबूलाल चौराहे के सुंदरीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों के साथ ऑटोमैटिक यातायात सिग्नल प्रणाली का कार्य पूरा हो गया। इस सिस्टम को कानपुर के एक कंपनी ने तैयार किया है, जिस पर तकरीबन साढ़े दस लाख का खर्च आया है। इस सिस्टम से पुलिस प्रशासन को यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने में काफी सहूलियत होगी। जनता को भी यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा।

यातायात निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि शहर के बाबूलाल चौराहे पर बुधवार से स्वचलित सिग्नल प्रणाली का शुभारंभ हो गया। चौराहे से गुजरने वालों को सिग्नल देखकर ही अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करना होगा। सिग्नल की अनदेखी करने वालों पर चालान के साथ ही जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

यातायात निरीक्षक ने बताया कि उन्होंने चौराहे पर यातायात सिपाहियों की भी तैनाती की है, जो लोगों को सही दिशा और समय पर जाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। अति व्यस्त चौराहे पर ऑटोमैटिक सिग्नल प्रणाली का शुभारंभ होने के बाद नासूर बनी जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलने की उम्मीद भी बढ़ गई है। इस सिग्नल के चालू होने से शहरवासियों में भी खुशी और उल्लास साफ देखा जा सकता है। 

30 से 60 सेकेंड तक रहेगा ठहराव

शहर के व्यस्ततम बाबूलाल चौराहे पर महानगरों की तर्ज पर अब यातायात नियंत्रित किया जाएगा। इस चौराहे पर ऑटोमैटिक सिग्नल सिस्टम लगाया गया है। जिससे लोगों में यातायात नियमों के पालन की आदत पड़ेगी। प्रायोगिक तौर पर शुरू की गई यह व्यवस्था कारगर साबित होने पर शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी जल्द ऐसे ही ऑटोमैटिक सिग्नल लगाये जायेंगे। यातायात निरीक्षक ने बताया कि झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाइ-वे से आने-जाने वाले वाहनों को लाल सिग्नल होने पर 60 और अमर टाकीज चौराहा व ईदगाह रोड से आने-जाने वाले वाहनों को 30 सेकेंड तक ठहरना होगा। बताया कि जल्द ही कालूकुआं चौराहे पर ऑटोमैटिक सिग्नल प्रणाली लागू की जाएगी।

नरैनी में सौंदर्यीकरण के लिए डीएम ने किया सर्वे

जिला मुख्यालय की तर्ज पर नरैनी कस्बे के प्रमुख चौराहे के सौंदर्यीकरण को लेकर प्रशासनिक कवायदें तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में बुधवार को जिलाधिकारी दुर्गाशक्ति नागपाल ने नगर पंचायत कर्मचारियों के साथ चौराहे का भौतिक सत्यापन करते हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्हें बताया गया कि चौराहे पर जो थोड़ा बहुत अतिक्रमण है उसे जल्द हटवा दिया जाएगा। डीएम ने नगर पंचायत ईओ को जल्द से जल्द सौंदर्यीकरण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। इस अवसर एसडीएम विकास यादव, विद्युत विभाग के एसडीओ वैभव शुक्ला, अधिशासी अभियंता दीपक, अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग आरके वर्मा, नायब तहसीलदार डॉ.आशीष शुक्ला समेत तमाम आलाधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार