सुल्तानपुर : शिक्षक पिता को किसान दिखाकर हथियाई नौकरी, बर्खास्त
सुल्तानपुर, अमृत विचार। शिक्षक पिता को किसान दिखाकर मृतक आश्रित के रूप में नौकरी हथियाने वाले सहायक अध्यापक पर बर्खास्तगी की तलवार गिरी है। तथ्य छुपाकर नौकरी हासिल करने वाले शिक्षक को 19 साल बाद सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। बीएसए ने बर्खास्त सहायक अध्यापक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराते हुए वेतन आदि मद से प्राप्त धनराशि को वसूलने कराने का निर्देश दिया है।
भदैंया विकास क्षेत्र के जुड़ारा गांव निवासी संजय कुमार सिंह ने अपनी मां कलावती देवी के निधन के बाद वर्ष 2004 में नौकरी हासिल की थी। उस समय संजय सिंह ने पिता का व्यवसाय कृषि दिखाया था। जबकि पिता भी प्राथमिक विद्यालय में सेवारत थे। जुड़ारा गांव निवासी इंद्रराज सिंह ने मुख्यमंत्री के यहां शिकायती पत्र देकर फर्जी नियुक्त की जांच कराने की मांग की थी। मामले में बीएसए की ओर से जांच समिति बनाई गई थी।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि संजय कुमार सिंह के पिता जगदम्बा प्रसाद सिंह 2004 में प्राथमिक विद्यालय असवा धनीपुर में तैनात थे। जगदम्बा प्रसाद सिंह वर्ष 2007 में रिटायर हुए। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर संजय सिंह को नोटिस जारी कर उनसे अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया। संजय सिंह ने पिता की सरकारी नौकरी के संबंध में अस्पष्ट जवाब नहीं देते हुए बीएसए को गुमराह करने का प्रयास किया।
बीएसए दीपिका चतुर्वेदी ने सहायक अध्यापक संजय कुमार सिंह को नियुक्ति तिथि से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया है। उनके द्वारा नियुक्ति तिथि से वेतन आदि के रूप में अर्जित की गई धनराशि की वसूली का निर्देश दिया है साथ ही भदैंया खण्ड शिक्षा अधिकारी को संबंधित थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने को कहा है।
ये भी पढ़ें -सुल्तानपुर : युवती की हत्या के दोषी को आजीवन कारावास, लगा 70 हजार अर्थदंड
