मुरादाबाद: चेतावनी स्तर के करीब पहुंची रामगंगा, गागन नदी का भी जलस्तर बढ़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कालागढ़ में 100 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती इलाकों के लोग सहमें

मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तराखंड के पहाड़ों पर हो रही बारिश से मैदानी इलाकों में भी नदिया उफनाई हैं। रामगंगा और गागन नदी का जलस्तर बढ़ते क्रम में है। रामगंगा नदी कालागढ़ में 100 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। नदियों के बढ़ते जलस्तर से नदी के तटवर्टी इलाकों के लोग सहमे हैं। वहीं जिला प्रशासन 35 बाढ़ चौकियों के माध्यम से निगरानी कर रहा है।

रामगंगा नदी कटघर रेलवे पुल के पास शुक्रवार की सुबह जलस्तर 189.96 मीटर रहा। जो कि चेतावनी स्तर 190.60 मीटर के काफी करीब पहुंच गया है। नदी का जलस्तर यहां बढ़ते क्रम में है। रामगंगा नदी कालागढ़ में सुबह 351.40 मीटर पर रही। जो चेतावनी स्तर 365.300 मीटर से काफी नीचे है। हालांकि यहां 100 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। गागन नदी का मुरादाबाद में जलस्तर भी बढ़ा है। यहां जलस्तर 189.55 मीटर रिकार्ड किया गया। जबकि चेतावनी स्तर 192.00 मीटर है।

 खतरे का निशान 193.90 मीटर है। शुक्रवार को बारिश न होने से थोड़ी राहत रही। हल्की हवा के बीच धूप भी रही। दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण के आपदा विशेषज्ञ पंकज मिश्र ने बताया कि शनिवार को जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग की ओर से बाढ़ प्रभावित वाले क्षेत्रों में 1150 पशुओं का टीकाकरण किया गया। अब तक 37,773 पशुओं का टीकाकरण हो चुका है। 

बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 35 बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं। इसके अलावा 24 बाढ़ शरणालय चिह्नित किए गए हैं। सभी उप जिलाधिकारियों व तहसीलदार को अपने तहसील क्षेत्र में निगरानी रखने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट के बाढ़ कंट्रोल रूम के नंबर 0591-2412728 के अलावा मोबाइल नंबर 9454416867 और टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सूचना का आदान प्रदान किया जा सकता है। इसके अलावा मुरादाबाद सदर तहसील के बाढ़ कंट्रोल रूम के फोन नंबर 0591-2971370, कांठ के 05921-2974411, बिलारी 0591-270011 और ठाकुरद्वारा तहसील के बाढ़ कंट्रोल रूम के नंबर 0591-2241231 पर संपर्क किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें:- सिंगापुर में एक सितंबर को होगा राष्ट्रपति चुनाव, नामांकन दिवस से पहले करना होगा आवेदन

संबंधित समाचार