Kanpur News: CSA में देश भर से आएंगे 20 हजार किसान, तीन साल बाद लगेगा किसान मेला, इतने दिन तक होगा आयोजन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के सीएसए में देश भर से आएंगे 20 हजार किसान।

कानपुर के सीएसए यूनिवर्सिटी में तीन साल बाद किसान मेला लगने जा रहा। इसमें देश भर से 20 हजार किसान आएंगे। आठ से 10 अक्टूबर तक किसान मेले का आयोजन होगा।

कानपुर, अमृत विचार। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में देशभर के 20 हजार से अधिक किसान और कृषि विशेषज्ञ आएंगे। वह विश्वविद्यालय की ओर से विकसित किए गए फल, सब्जियों, दलहन और तिलहन की प्रजातियों को देखेंगे। कृषि तकनीक और फसलों में विविधता की जानकारी करेंगे। सीएसए में तीन वर्ष बाद किसान मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह आठ से 10 अक्टूबर तक चलेगा।इसकी तैयारियों के संबंध में कुलपति डॉ. आनंद कुमार सिंह ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय में बैठक की। 

किसान मेले का आयोजन विश्वविद्यालय के मुख्य भवन के परिसर में किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कुलपति ने अधिकारियों के साथ किसान मेला की तैयारी से संबंधित समीक्षा बैठक की। कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने गत वर्षो की अपेक्षा इस बार किसानों की अधिक संख्या को देखते हुए स्टालों को और अधिक बढ़ाने के लिए निर्दशित किया। इस बार करीब 86 स्टाल लगाए जाएंगे।

निदेशक प्रसार डॉ. आरके यादव ने बताया कि कोरोना संक्रमण की वजह से तीन वर्ष से मेले का आयोजन नहीं हो सका। इसमें उत्तर प्रदेश के अलावा बाहरी राज्यों से बीस हजार से ज्यादा किसान शामिल होंगे।

मीडिया प्रभारी डॉ खलील खान ने बताया कि मेले में सीएसए के संचालित 15 कृषि विज्ञान केंद्रों, आईसीएआर संस्थानों, सरकारी संस्थाओं, एफपीओ और गैर सरकारी संगठनों की ओर से तैयार किए गए फल, सब्जी, धान, गेहूं,दलहन एवं तिलहन की उन्नत फसलों एवं बीजों का किसान अवलोकन कर सकेंगे। किसानों को औषधीय गुणों, जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, मोटे अनाज सहित अन्य विषयों के बारे में जागरूक किया जाएगा। डॉ. पीके सिंह, डॉ. पीके उपाध्याय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार