खाकी की धौंस: महिलाओं से बोले एसओ- चल भाग यहां से..नहीं गई तो पिटवाऊंगा!, वीडियो वायरल
प्रतापगढ़। सरकार महिलाओं के सम्मान के लिए लाख कानून बना दे, लेकिन उसका क्रियान्वयन करने वाले ही गलत हो जाये तो कुछ भी मुनासिब है। महिलाओं के सम्मान में अलग से महिला हेल्प डेस्क बनाई गई है। थाना स्तर पर पुलिस कई बार अपनी कार्यशैली से छवि को धूमिल करती है। देल्हूपुर थाने में ऐसा ही देखने को मिला, जहां न्याय मांगने आई महिलाओं से बदसलूकी कर भगा दिया गया।
प्रयागराज - अयोध्या राजमार्ग पर स्थित देल्हूपुर थाने पर पुलिस की बदसलूकी का मीडिया सोशल मीडिया पर शनिवार को जमकर वायरल हुआ। ( अमृत विचार ऐसे किसी वीडियो, फोटो व उससे जुड़े तथ्यों की पुष्टि नहीं करता)। बताया गया कुशफरा देवीदास का पुरवा के रास्ते के विवाद का मामला है। दो पक्ष शुक्रवार को उलझ गए तो एक पक्ष न्याय के लिए देल्हूपुर थाना पहुंच गया।
प्रतापगढ़:
— Amrit Vichar (@AmritVichar) August 12, 2023
खाकी की धौंस : महिलाओं से बोले एसओ, चल भाग यहां से..नहीं गई तो पिटवाऊंगा!
थाने से महिलाओं को धमकाकर भगाते हुए देल्हूपुर एसओ आदित्य सिंह का वीडियो वायरल pic.twitter.com/Guc5LUIxkn
राजस्व के मामले में पीड़ित महिलाओं को देल्हूपुर थाने पर अपमानित होना पड़ा। वायरल वीडियो में गांव की महिलाएं अपने ढंग से समस्या बता रहीं थीं। इसी बीच एसओ आदित्य सिंह स्टाफ के साथ निकलते दिखते हैं। वह महिलाओं को वहां से भाग जाने को कहते हैं। धमकी देते हैं कि अगर नहीं गईं तो महिला सिपाही से पिटवाएंगे। यहां उन्होंने इतनी मर्यादा का ध्यान तो रखा कि कम से कम महिला सिपाही से पिटवाने को कहा, खुद नहीं पीटे।
महिलाएं कहती हैं कि पिटवाय दा साहेब, हम तौ गरीब अही। एसओ का तेवर देख महिला सिपाही व अन्य कर्मी भी महिलाओं को जल्द से जल्द चले जाने की हिदायत देकर अपना कर्तव्य निभाते हैं। वहीं देल्हूपुर थानाध्यक्ष आदित्य सिंह ने बताया कि मामला आबादी व राजस्व का है। पुलिस केवल यथास्थिति बनाए रख सकती है। राजस्व टीम जो तय करेगी उसका पालन कराया जाएगा।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है। इसके बाद रिपोर्ट एसपी को सौंपी जाएगी..., विनय प्रभाकर साहनी,सीओ रानीगंज।
यह भी पढ़ें:-बांदा: शिक्षिका ने भाई के साथ मिलकर पति को पीटा, जानें मामला
