बरेली: निर्माण कार्यों में पारदर्शिता को नगर निगम में शुरू होगी ई- एमबी व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नगर निगम में लागू होगी व्यवस्था, अवर अभियंताओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण

बरेली, अमृत विचार। निर्माण कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए नगर निगम और नगर निकायों में ई-एमबी के जरिए भुगतान कराने के तैयारी की गई है। ई-एमबी कैसे भरी जाएगी, इसके लिए अवर अभियंताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद अधिशासी और सहायक अभियंताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। नगर निगम में जल्द व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।

सभी सरकारी विभागों में जो भी निर्माण काम होते हैं। उसकी एक एमबी होती है यानि मेजरमेंट बुक। अवर अभियंता इसे भरते हैं। इस बुक में कितना निर्माण हुआ, क्या सामग्री लगी कितने दिन लगे आदि को भरना होता है। इसी के बाद ठेकेदार के भुगतान की फाइल तैयार होती है। इसी में कहीं कम तो कहीं ज्यादा काम और सामग्री दिखाने का खेल चलता है। काम हो गया तो कई दिन बाद एमबी भरी जाती थी। एमबी गायब भी हो जाती थी। बिना मौके पर जाए एमबी भरी जाती थी। इसमें कांट छांट हो जाती थी। इस व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी थी। इससे ठेकेदार और अवर अभियंता दोनों खुश रहते हैं लेकिन अब ई -एमबी व्यवस्था शुरू होने से यह व्यवस्था बंद हो जाएगी। एक अवर अभियंता ने बताया कि ई-एमबी से काम बढ़ेगा।

हर दिन करनी होगी रिपोर्टिंग
नगर निगम में एक अवर अभियंता के पास कई वार्ड हैं तो कई जगह काम भी होते हैं। ई- एमबी में उन्हें हर दिन मौके पर जाकर रिपोर्टिंग करनी होगी। मौके पर क्या क्या देखा, कितना काम हुआ, उसकी माप क्या है, कुछ कमी पाई गई या नहीं , यदि पाई गई तो उसे भी ई-एमबी पर दर्ज करना होगा। कांट-छांट करने की कोई व्यवस्था नहीं रहेगी। गलती होने पर उसमें सुधार की व्यवस्था तो रहेगी लेकिन क्या गलती हुई या कमी रह गई है, उसका कारण बताते हुए अपने वरिष्ठ को जानकारी भी देनी होगी। अवर अभियंता अपनी जगह दूसरे को भेजकर एमबी नहीं भरवा पाएंगे। ई-एमबी में अवर अभियंता के डिजिटल हस्ताक्षर से आवंटित कोड सक्रिय होगा, इसी के बाद वह काम की माप को भर सकेगा।

नगर निगम और निकाय में कराए जा रहे कामों की समीक्षा और मॉनीटरिंग के लिए ई-एमबी व्यवस्था शुरू कराई जाएगी। इसके लिए प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग सिस्टम तैयार कराया गया है। इससे निर्माण कामों में पारदर्शिता आएगी- निधि गुप्ता वत्स, नगर आयुक्त।

ये भी पढ़ें- बरेली: दलित बस्ती के लोगों को लंबे समय के बाद मिला सीसी रोड, ग्रामीणों में खुशी की लहर

संबंधित समाचार