लखनऊ: रात में एक भी प्रसव न होने पर डीजी नाराज, सीएमएस को भेजा नोटिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/अमृत विचार। ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय (टीबी अस्पताल) में जनवरी से अब तक रात के समय एक भी प्रसव नहीं किया गया। इसका खुलासा शनिवार को स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. दीपा त्यागी द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान हुआ। वहीं, इस दौरान अस्पताल की सीएमएस डॉ. वसुधा सिंह सहित कई डॉक्टर अनुपस्थित मिले। इमरजेंसी का डॉक्टर ओपीडी में मिला। वार्डों में भी खामियां मिलीं। इस पर महानिदेशक ने अस्पताल के सीएमएस को नोटिस जारी करते हुए रिपोर्ट शासन को भेजी है।

स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. दीपा त्यागी शनिवार सुबह 11:30 बजे ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय का अचानक निरीक्षण करने पहुंच गईं। उनके अस्पताल पहुंचते ही अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वह सबसे पहले इमरजेंसी गईं। यहां तीन से चार मरीज बेड पर भर्ती थे। मरीजों के इलाज के लिए वहां पर काेई भी डॉक्टर नहीं था। वहां पर मौजूद स्टॉफ भी बिना एप्रेन पहने मिला। इस पर डीजी ने फटकार लगाई। उन्होंने इमरजेंसी मेडिकल अफसर को तलब किया तो पता चला कि वह इमरजेंसी को लावारिस छोड़ ओपीडी चला रहा था।

महानिदेशक ने इस पर डाॅक्टर को बुलाकर फटकार लगाई। इसके बाद उन्होंने अस्पताल की गाइनी यूनिट का निरीक्षण किया। यूनिट में तैनात महिला डॉक्टरों की ओपीडी व प्रसव कराने का रिकार्ड देखा। जनवरी से अब तक यहां पर रात में कोई भी प्रसव का मामला न कराए जाने का रिकार्ड मिला।

गाइनी यूनिट में तैनात डॉक्टर भी गायब थे। गाइनी यूनिट की डॉ. ताबिन्दा ख्वाजा ओपीडी में मरीज को देखती मिलीं। वहीं डीजी के आने की सूचना पाकर डॉ. शिप्रा भी कुछ देर बाद अस्पताल पहुंच गईं। सीएमएस डॉ. वसुधा सिंह समेत अन्य महिला डॉक्टर गायब रहीं।

लेबर रूम और वार्डों की व्यवस्था से नाराजगी : गाइनी यूनिट के लेबर रूम की स्थिति भी ठीक नहीं मिली। ओटी में उपकरण भी ठीक नहीं मिले। इसके अलावा ओटी भी बहुत ही छोटी जगह पर है। इस पर डीजी ने नाराजगी जताई। डॉक्टरों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं का सिजेरियन-नॉर्मल डिलवरी का ग्राफ बढ़ाया जाए। इसके अलावा वार्डों में सीलन और प्लास्टर गिरने की समस्या देख तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई खामियां मिली हैं। मौके पर सीएमएस व अन्य डॉक्टर मौजूद नहीं मिले। अस्पताल प्रशासन को नोटिस देने के साथ ही पूरी रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है..., डॉ. दीपा त्यागी, स्वास्थ्य महानिदेशक।

यह भी पढ़ें:-बांदा: शिक्षिका ने भाई के साथ मिलकर पति को पीटा, जानें मामला

संबंधित समाचार