Kanpur में Ganga का बढ़ा जलस्तर, कटरी के गांवों में हलचल शुरू, शुक्लागंज में चेतावनी बिंदु पार, पढ़ें- पूरी खबर
कानपुर में गंगा के बढ़ते जलस्तर से कटरी के गांवों में हड़कंप।
कानपुर में गंगा के बढ़ते जलस्तर से कटरी के गांवों में हड़कंप। नरोरा और हरिद्वार से पानी छोड़े जाने से जलस्तर बढ़ रहा।
कानपुर, अमृत विचार। बैराज में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब पहुंचने से कटरी से जुड़े गांव में हड़कंप मच गया हैं। बीते दिनों कटान होने की वजह गंगा किनारे दो मकान का आधा हिस्सा ढह गया था। अब फिर से जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इससे अधिकारी अलर्ट हो गए है। अधिकारियों ने गंगा किनारे मकानों को खाली करवाकर लोगों को सरकारी स्कूल में ठहराया गया है।
हरिद्वार और नरोरा डैम से लगातार पानी छोड़े जाने से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। शनिवार को नरोरा से दो लाख और हरिद्वार से डेढ़ लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी बैराज पर पहुंचा तो बैराज में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच गया। बैराज का चेतावनी बिंदु 114 मीटर है। अपस्ट्रीम में गंगा का जलस्तर 113.670 मीटर और डाउनस्ट्रीम पर जलस्तर 113.470 मीटर रहा।
बैराज में पानी का प्रेशर को देखते हुए सारे गेट खोल दिए गए है। तेज बहाव की वजह से कटान शुरु हो गई है। इससे कटरी से जुड़े गांवों में हलचल शुरू हो गई है। ग्रामीणों ने बचाव के इंतजाम कर लिए है। वहीं, घाटों में सीढ़ियां डूब गई है। जिसे देखते हुए घाटों में जल पुलिस को तैनात किया गया है। घाटों में गंगा नहाने में पाबंदी लगाई गई है।
शुक्लागंज में चेतावनी बिंदु पार कर गया जलस्तर
बैराज में लगातार हरिद्वार और नरोरा बांध से पानी आने की वजह से सभी गेट खोल दिए गए है। बैराज से शुक्लागंज की ओर तीन लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया। इस वजह से शुक्लागंज गेट पर जलस्तर चेतावनी बिंदु को पार कर दिया। शुक्लागंज का चेतावनी बिंदु 112 मीटर है, जबकि शनिवार को वहां पर जलस्तर 112.27 मीटर पहुंच गया। इससे गांव में अफरा-तफरी मची हुई है।
अपस्ट्रीम (बिठूर से बैराज तक) 113.670 मीटर
डाउनस्ट्रीम (बैराज से शुक्लागंज) 113.470 मीटर
नरोरा बांध से जल छोड़ा गया 200600 क्यूसेक
हरिद्वार से जल छोड़ा गया 156938 क्यूसेक
कानपुर से छोड़ा गया जल 301973 क्यूसेक
शुक्लागंज का जलस्तर 112.27 मीटर
शुक्लागंज में चेतावनी बिंदु 112 मीटर
