शहर में खुदी सड़कों के बहुरेंगे दिन, Kanpur Nagar Nigam और PWD मिलकर करेगा निर्माण, इस तरह होगा काम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में खुदी सड़कों के बहुरेंगे दिन।

कानपुर नगर निगम और पीडब्ल्यूडी 84 करोड़ से शहर की 225 सड़कों के गड्ढे भरेंगे। वीआईपी रोड, नई चुंगी सड़क चौड़ीकरण के साथ वार्डों की 38 गलियों में भी कार्य होगा।

कानपुर, अमृत विचार। शहर में खुदी सड़कों के दिन बहुरेंगे। नगर निगम और पीडब्ल्यूडी मिलकर शहर की 225 सड़कों का निर्माण करेंगे। इसमें नगर निगम की 185 सड़कों का निर्माण अकेले पीडब्ल्यूडी करेगा। सेफ सिटी योजना के तहत मांगी गई शहर की खराब सड़कों की रिपोर्ट नगर निगम ने शासन को भेज दी है। यह 185 सड़कें 78 करोड़ रुपये से बनाई जाएंगी। इसके साथ ही वीआईपी रोड और नई चुंगी दो सड़कों के साथ वार्डों में 38 गलियों में भी कार्य होगा। इस कार्य पर नगर निगम करीब 6 करोड़ रुपये खर्च करेगा। 

सेफ सिटी योजना के तहत शहर की 141 किलो मीटर सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण के साथ ही यहां सेफ सिटी के मानक भी पूरे किए जाएंगे। इसको लेकर पिछले दिनों शासन ने कानपुर नगर निगम से सड़कों की डिटेल्स मांगी थी। जिसके बाद नगर निगम ने पांच मीटर से चौड़ी 185 सड़कों की रिपोर्ट इसी सप्ताह शासन को भेजी है। बता दें कि, योजना के तहत पीडब्लूडी को 500 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इसमें शहर की टूटी सड़कों का निर्माण कार्य भी शामिल है। 

बारिश के बाद सड़कों पर हो गए बड़े गड्ढे

शहर में बरसात के बाद सड़कों का बुरा हाल हो गया है। कई सड़कों पर तो निकलना ही मुश्किल है। अमृत विचार टूटी सड़कों को लेकर लगातर अभियान भी चला रहा था। जिसके बाद अधिकारी नींद से जागे हैं, और शहर की सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कदम बढ़ा दिए हैं।

इंटरलाकिंग और हॉटमिक्स प्लांट से बनेंगी सड़कें

बड़ी सड़कों के साथ ही नगर निगम अपनी निधि से 4 करोड़ रुपये से 38 सड़कों को बनाएगा। इसमें सभी वार्डों में खराब गलियों का निर्माण कराया जाना है। यहां इंटरलाकिंग सड़क, नाली, फुटपाथ निर्माण के साथ ही हॉटमिक्स प्लांट से भी सड़कों को बनाया जाना है। इस कार्य के लिए नगर निगम ने टेंडर भी आमंत्रित कर दिए हैं। 20 अगस्त तक ठेकेदारों को काम बांट दिए जाएंगे। जिसके बाद सड़कों का निर्माण शुरू हो जाएगा।
 
दो करोड़ से नई चु्ंगी से वीआईपी रोड तक कार्य

जोन 2 में जाजमऊ गंगा पुल से पुरानी चुंगी तक वीआईपी रोड पर साईड पटरी और ग्रीन बेल्ट का निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही नई चु्ंगी से एमएम सुपर इंटरनेशनल स्कूल तक रोड का चौड़ीकरण कार्य भी होगा। इस कार्य पर नगर निगम लगभग 2 करोड़ रुपये खर्च करेगा।

पीडब्लूडी बनाएगा सड़क                लंबाई

- परेड चौराहा से लेकर घंटाघर तक (नई सड़क)- 2 किमी.
- सकुर्लर रोड का होगा निर्माण- 1.25 किमी.
- एक्सप्रेस रोड मॉल रोड से घंटाघर तक- 1.15 किमी.
- फूलबाग चौराहा से नयागंज चौराहा तक- 850 मीटर
- चंद्रिका देवी चौराहा से रुपम चौराहा- 710 मीटर
- परेड चौराहा से ग्रीनपार्क चौराहा तक- 870 मीटर
- कोयला नगर से दीप हॉस्पिटल तक- 3 किमी.
- सेंगर चौराहा से हरदेव नगर चौराहा तक- 900 मीटर
- ट्रांसपोर्ट नगर में ऑक्सफोर्ड से पॉपुलर धर्मकांटा- 540 मीटर
- वनखंडेश्वर चौराहा से जरीबचौकी चौराहा तक- 737 मीटर

नगर निगम द्वारा बनाई जाने वाली कुछ सड़कें

-    जोन 6 वार्ड 30 में कुलवंती हास्पिटल वाली सड़क
-    जोन 3 वार्ड 84 में ब्लॉक नंबर 7 के सामने की सड़क
-    जोन 3 वार्ड 77 में हेमंत विहार में हॉटमिक्स प्लांट से सड़क निर्माण
-    जोन 5 वार्ड केडीए मार्केट के पीछे सड़क निर्माण कार्य
-    जोन 1 वार्ड 90 में संतोष स्कूटर स्टैंड वाली गली का निर्माण
-    जोन 4 वार्ड 42 में मछली मार्केट में आरसीसी सड़क निर्माण
-    जोन 6 वार्ड 23 आवास विकास में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण
-    जोन 2 में जाजमऊ गंगा पुल से पुरानी चुंगी तक साईड पटरी कार्य
-    जोन 2 में नई चु्ंगी से सुपर इंटरनेशनल स्कूल तक सड़क चौंड़ीकरण
-    जोन 6 वार्ड 33 विजय नगर में ब्लॉक 86 से 89 तक इंटरलॉकिंग सड़क

शहर की खुदी सड़क जल्द बनेंगी। नगर निगम की निधि से सड़कों का निर्माण कार्य कराने के लिए टेंडर मांगे हैं। सेफ सिटी के तहत भी प्रमुख सड़कों का निर्माण कार्य होगा।- शिवशरणप्पा जीएन, नगर निगम

संबंधित समाचार