Kannauj News : सीओ सदर की कार ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, पांच यात्री घायल, कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में सीओ सदर की कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मारी।

कन्नौज में सीओ सदर की कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए। जिला अस्पताल में उपचार के बाद सभी को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।

कन्नौज, अमृत विचार। सीओ सदर की कार ने कन्नौज रोड पर पेट्रोल पंप के निकट रविवार की रात ई रिक्शा में टक्कर मार दी। दुर्घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में घायलों को पुलिस ने भर्ती कराया। यहां से सभी को कानपुर रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि घटना के समय सीओ कार में मौजूद नहीं थीं। 

सीओ सदर प्रियंका वाजपेई का चालक रविवार की रात 10 बजे के करीब कार लेकर कन्नौज की ओर से आ रहा था। जैसे ही कार कन्नौज रोड पर ओवरब्रिज के पास पेट्रोल पंप के निकट पहुंची तभी सरायमीरा से आ रहे ई रिक्शे में जोरदार टक्कर मार दी। इससे ई रिक्शा पलट गया। दुर्घटना के समय ई रिक्शा में चालक समेत पांच लोग बैठे थे। हादसा होते ही चीखपुकार मच गई। यह देख मार्ग से गुजर रहे लोग घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े।

ई रिक्शा को सीधा कर उसके नीचे दबे सभी घायलों को बाहर निकाला। दुर्घटना में सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव देवी पुर्वा निवासी अल्का(18) पुत्री सुरेश, संध्या(16)पुत्री अरविंद कुमार, श्यामा(35)पत्नी अरविंद कुमार, शहर के मोहल्ला आलमगीर निवासी नरेश चंद्र (50) पुत्र कैलाश, सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव अडंगापुर निवासी अमित (40) पुत्र राम अवतार गंभीर रूप से घायल  हो गए। 

आनन फानन पुलिस ने अपनी सरकारी कार से सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां कुछ देर चले उपचार के बाद सभी को कानपुर रेफर कर दिया गया। घटना के संबंध में किसी घायल की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।

संबंधित समाचार