Auraiya News: कानपुर-इटावा हाईवे की बनी सर्विस लेन में फैली निर्माण सामग्री, हादसों की बनी रहती आशंका
औरैया के सर्विस रोड का हाल बेहाल।
औरैया के कानपुर-इटावा हाईवे की बनी सर्विस लेन पर कई जगह निर्माण सामग्री फैली। ऐसे में हादसे की आशंका बनी रहती है। जिस कारण वाहन सवार लोगों को खतरा मोल लेना पड़ जाता है।
औरैया, अमृत विचार। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 कानपुर-इटावा की सर्विस रोड जहां बनी हैं, वहां पर लोगों को अपनी सहूलियत के लिए कब्जा कर लिया है। आनेपुर से नवीनमंडी तक और इंडियन आयल चौकी से औरैया व भाऊपुर की ओर लोगों ने कब्जा कर रखा है। हाईवे किनारे बन रहे मकानों की निर्माण सामग्री सर्विस रोड पर डाली जाती है। ऐसे में हादसे की आशंका बनी रहती है। जिस कारण वाहन सवार लोगों को खतरा मोल लेना पड़ जाता है। पुलिस व प्रशासन इन दुश्वारियों को खत्म करने का प्रयास तक नहीं करता।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अक्सर हाईवे व प्रमुख मार्गों पर होने वाले कब्जों को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा होती है। जनवरी से अब तक पांच बैठकें हो चुकी हैं। इसमें हर बार सड़क सुरक्षा पर जोर दिया जाता है। बावजूद किये जाने वाले कार्य धरातल पर नहीं दिखते।
डीएम नेहा प्रकाश ने जुलाई में सड़क सुरक्षा पखवारा के तहत परिवहन सहित लोक निर्माण विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को चेताया। यातायात पुलिस को भी निर्देश दिये गये। यह भी कहा कि नगर पालिका का सहयोग लेकर संबंधी विभाग रोड पर हुए कब्जों को हटवा दें। लेकिन, किसी ने निर्देशों का पालन तक नहीं किया। जिस वजह से दिक्कतें बनी हुई हैं।
यहां पर है कब्जा
- हाईवे अंतर्गत नवीन मंडी स्थल के सामने
- इंडियन आयल चौकी से जनेतपुर गांव तक सर्विस लेन।
- आनेपुर गांव के सामने सर्विस रोड ।
- लोक निर्माण विभाग की सड़क का भी यहीं हाल है।
- औरैया-फफूंद व दिबियापुर ककोर मार्ग किनारे कई जगह कब्जा है।
प्रमुख हादसों पर एक नजर
- मई 2020 में ट्राला व डीसीएम की टक्कर होने पर 24 मरे।
- अक्टूबर 2022 में मिहौली के समीप कंटेनर में घुसी थी कार, तीन मरे।
- मार्च 2022 में अलग-अलग हादसों में दो की मौत ।
- मई 2023 में हाईवे पर करमपुर गांव के समीप हादसे में एक की जान गई।
- जुलाई 2023 में हाईवे पर फौजी ढाबा से कुछ दूर पर हादसे में एक की मौत ।
हादसों का प्रमुख कारण
- हाईवे व सर्विस रोड सहित अन्य मार्गो के किनारे वाहनों का खड़ा होना।
- वितरीत दिशा में आना या अवैध कट से निकलना।
- आबादी वाले क्षेत्र में 40 किमी प्रति घंटा से ज्यादा की रफ्तार।
यातायात निमयों का पालन हर किसी को करना चाहिए। इसे तोड़ने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश हैं। हाईवे व किसी भी मार्ग पर नियम न टूटे, इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिये गये हैं।- नेहा प्रकाश, डीएम
