बहराइच में खतरे के निशान से 57 सेंटीमीटर ऊपर पहुंचा घाघरा का जलस्तर
बहराइच, अमृत विचार। घाघरा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 57 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। वहीं विकासखंड मिहीपुरवा और शिवपुरी के कई गांव में पानी भर गया है। ऐसे में लोग काफी परेशान हैं।
पहाड़ों और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जरवल विकास खंड के घाघराघाट में स्थित घाघरा नदी का जल स्तर एल्गिन ब्रिज पर लाल निशान को पार कर गया है। एल्गिन ब्रिज पर नदी खतरे के निशान से 57 सेमी ऊपर पहुंच गई है। मंगलवार दोपहर दो बजे एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी का जलस्तर 106.646 रिकार्ड किया गया,जो खतरे के निशान से 57 सेमी ऊपर है। पिछले कई दिनों से सरयू नदी का जलस्तर घट बढ रहा था। लगातार बढ रहे नदी के जलस्तर से ग्रामीणों की दुश्वारियां बढनी शुरू हो गई है।
एल्गिन ब्रिज पर खतरे का निशान 106.07 है। नदी के खतरे के निशान पार कर जाने और लगातार बढ रहे जल स्तर से नदी के निचले इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है। निचले इलाकों में रह रहे लोगों की नदी का जलस्तर बढने के साथ ही बाढ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की दुश्वारियां बढनी शुरू हो गई है। उधर विकासखंड शिवपुर और मिहींपुरवा के 30 से अधिक गांव में पानी भरा हुआ है। कई संपर्क मार्गों पर भी पानी चल रहा है।
ये भी पढ़ें -Independence Day 2023 : स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली में सम्मानित हुईं उमा
