Jalaun News: पुलिस मुठभेड़ में गांजा तस्कर के पैर में लगी गोली, दूसरे ने किया सरेंडर, 50 हजार का था इनामी
जालौन में पुलिस मुठभेड़ में गांजा तस्कर के पैर में लगी गोली।
जालौन में पुलिस मुठभेड़ में गांजा तस्कर के पैर में लगी गोली। जबकि उसके दूसरे साथी ने सरेंडर कर दिया। गांजा तस्कर पर 50 हजार रुपये का ईनाम था।
जालौन, अमृत विचार। बुधवार की दोपहर को झांसी-कानपुर नेशनल हाइवे के नजदीक एसओजी, सर्विलांस व पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान खंडहर में छिपे बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं दूसरे को पुलिस ने भागते हुए गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश 50 हजार का इनामी निकला। पुलिस ने इनके पास से तकरीवन 10 लाख रुपए कीमत का गांजा बरामद किया है। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार आटा थाना क्षेत्र के कानपुर-झांसी नेशनल हाईवे पर चमारी नाला के पास दोपहर के समय अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। एसओजी, सर्विलांस और आटा थाना पुलिस को मुखिबर से सटीक सूचना मिली थी कि चमारी नाला के पास बने खंडहर में गांजा तस्कर छिपे हुए है। गांजा की खेप रखे हुए है और उसे बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे है। तीनों टीमों ने संयुक्त रूप से वहां पर दबिश दी। अपने को घिरता हुआ देख बदमाशों ने पुलिस के ऊपर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
वहीं पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग करते हुए बदमाशों को घेरने का प्रयास किया। मुठभेड़ में बदमाश मुनेश नायक पुत्र ओमप्रकाश नायक निवासी ग्राम कुरकुरु थाना कोटरा जनपद जालौन के पैर में गोली लगने से घायल हो गया और वहीं पर गिर पड़ा। दूसरे बदमाश इक़बाल मंसूरी पुत्र फलिया मंसूरी निवासी नया पटेल नगर जेल के पीछे थाना कोतवाली उरई ने अपने को घिरा हुआ देख पुलिस के आगे हथियार डाल दिए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।
खंडहर से करीब दस लाख रुपए कीमत का गांजा बरामद किया। इसके साथ ही बदमाशों के पास से तमंचा और कारतूस के साथ मोबाइल बरामद किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि पिछले माह थाना एट में चैकिंग के दौरान गांजा तस्कर को गिरफ़्तार किया गया था। बदमाश मुनेश कोटरा थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित है। मुनेश नायक व इकबाल मंसूरी के ऊपर कई थानों में मामले दर्ज है।
मुनेश पर 38 मुकदमें दर्ज
गांजा की तस्करी में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार बदमाश मुनेश नायक पर कोटरा थाना समेत आसपास के थानों में कुल 38 मुकदमा दर्ज है। बताया जाता है कि सबसे अधिक कोटरा थाने में मामला दर्ज है। इसमें हत्या, लूट जैसी संगीन धाराओं में वह गिरफ्तार हो चुका है। बताया जाता कि वर्ष 1999 में पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। झांसी के गुरसरांय थाने में भी वर्ष 2007 में लूट का मुकदमा दर्ज हुआ था।
