मुरादाबाद : खतरे के निशान के करीब पहुंची रामगंगा नदी, आसपास के लोगों में पानी बढ़ने से डर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पहाड़ी क्षेत्र में बारिश होने से रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़त पर है। महानगर में कटघर रेलवे पुल पर रामगंगा नदी खतरे के निशान से 25 सेंटीमीटर दूर है। नदी किनारे आसपास रहने वाले लोगों को पानी बढ़ने से डर सताने लगा है। खेतों तक पानी पहुंच गया। मूंढापांडे में कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से हरपाल नगर गांव के पास कटान हो रहा है। इसे रोकने के लिए बाढ़ खंड विभाग के अधिकारियों ने मौके पर प्रयास शुरू कर दिए। खेतों में पानी भर गया है।

सोमवार को खो बैराज से एक लाख 6 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। इसका असर बुधवार को दिखा। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश से भी नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। पिछले दिनों वारसीनगर मोहल्ले में कई घरों तक पानी पहुंच गया। रसूलपुर नगला में भी घरों में पानी भर गया। बाढ़ के पानी में सांप और दूसरे जहरीले कीड़े आ जाते हैं। इससे जान का भी खतरा बना रहता है।

बुधवार को रामगंगा नदी का जलस्तर 190.35 मीटर दर्ज किया गया,जबकि रामगंगा नदी का खतरे का निशान 190.60 मीटर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से मोहल्ला बंगलागांव, जामा मस्जिद, लालबाग, वारसीनगर के लोगों को पानी आने का डर सताने लगा है। मूंढापांडे में कोसीनदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है और पानी खेतों में भर गया। इससे किसानों की फसल को काफी नुकसान हुआ है। बाढ़ खंड के सहायक अभियंता सुभाषचंद्र ने बताया कि बारिश और पानी छोड़ने की वजह से रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ा है। इसके अलावा कोसी नदी का पानी भी बढ़ रहा है। मूंढापांडे क्षेत्र के गांव हरपाल नगर में नदी की धारा कटान कर रही है। इसकी ठोकर को रोकने के लिए इंतजाम किए जा रहे है। पत्थरों की व्यवस्था की जा रही है। जिससे धारा को मोड़ा जा सके। ग्रामीणों को भी सचेत किया गया है। रानियाठेर गांव में भी घरों के पास तक पानी पहुंच गया।
उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल

मुरादाबाद। उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। बुधवार को सुबह से गर्मी व उमस रहा। धूप से लोग परेशान हुए। बारिश न होने से अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: बाइकों की भिड़ंत में महिला की मौत, दो घायल

संबंधित समाचार