Champion of Week : 1792 परिषदीय स्कूलों में मानकों पर महज 15 खरे उतरे
अयोध्या, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा इस महीने चैम्पियन आफ वीक अभियान के तहत घोषित रिपोर्ट चौंका देने वाली है। रिपोर्ट के मुताबिक शासन द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और 19 पैरामीटर पर अब तक 1792 परिषदीय विद्यालयों में से मात्र 15 स्कूल ही इस श्रेणी के दायरे में आ सके हैं। इसे लेकर बेसिक शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल भी खड़े हो गए हैं। हालांकि विभाग ने दावा किया है कि अभियान के तहत अभी और स्कूल आयेगें।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार चैम्पियन आफ वीक श्रेणी में आए इन स्कूलों के स्टाफ को आगामी 23 अगस्त को सहायक बेसिक शिक्षा निदेशक कार्यालय सभागार में सम्मानित किया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय की ओर से 16 अगस्त को जारी आदेश के तहत चैम्पियन आफ वीक घोषित स्कूलों में प्राथमिक विद्यालय गरीबशाह तारुन, प्राथमिक विद्यालय सनाहा सोहावल, प्राथमिक विद्यालय अंकारीपुर मया, उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरा नगर क्षेत्र, कम्पोजिट विद्यालय ददेरा पूराबाजार, कम्पोजिट विद्यालय कूढ़ा बीकापुर, कम्पोजिट विद्यालय परौली मवई, प्राथमिक विद्यालय जमुआ हैरिंग्टनगंज, प्राथमिक विद्यालय चौधरीपुर अमानीगंज, उच्च प्राथमिक विद्यालय शिवालामऊ मसौधा, प्राथमिक विद्यालय शाहनेवाजपुर पूरा, प्राथमिक विद्यालय टेऊंगा सोहावल, कम्पोजिट विद्यालय पुलिस लाइन, पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौरे बाजार बीकापुर, कम्पोजिट विद्यालय चरावां तारुन शामिल हैं।
बीएसए ने बताया कि अन्य स्कूलों को भी अभियान के दायरे में लाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को इन स्कूलों के शैक्षिक कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : गरीब और किसानों के सशक्तिकरण को समाजसेवी ने शुरू किया अभियान
