अयोध्या : गरीब और किसानों के सशक्तिकरण को समाजसेवी ने शुरू किया अभियान
32 ग्रामसभाओं के किसानों को दी दवा छिड़काव की ऑटोमेटिक मशीन
अयोध्या, अमृत विचार। गरीब व किसानों को सशक्त बनाने के लिए जिले के समाजसेवी की ओर से सशक्तिकरण अभियान शुरू किया गया है। अभियान के दौरान समाजसेवी राजन पांडेय ने 32 ग्रामसभाओं के किसानों को फसलों में दवा छिड़काव की ऑटोमेटिक मशीन दी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ पौधरोपण भी किया।
राजन पांडेय ने बताया कि गरीबों और किसानों के सशक्तिकरण को लेकर शुरू किया गया यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन तक चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि किसान ही देश का निर्माणकर्ता और पालनहार है। कार्यक्रम के तहत अन्नदाताओं को ऑटोमेटिक मशीन उपलब्ध कराया गया है, ताकि खेती को अनेक बीमारियों से बचाया जा सके। इसके अलावा अब पूरे महीने गरीबों की मदद के लिए कई कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान पौधरोपण, किसान सहायता, गरीबों को आर्थिक, राशन, मेडिकल, कानूनी व प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया की इस बार भी पीएम मोदी के जन्मदिन का कार्यक्रम भव्यता के साथ से मनाया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत डॉ. तृप्ति पांडेय, बम बहादुर पांडेय, त्रिलोकी नाथ पांडेय, अनिल मिश्र, विंध्या प्रसाद, राना सिंह चौहान, मोंटी शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य अंकित पांडेय, बब्बू पांडेय सहित कई लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -Varanasi News : दो दिनों के प्रवास पर आज काशी पहुंचेंगे सीएम योगी, Y-20 समिट में करेंगे शिरकत
