अयोध्या हाट के रूप में विकसित होगा चौधरी चरण सिंह घाट
सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक मजबूती देने पर जोर
अयोध्या, अमृत विचार। राम मंदिर निर्माण के साथ अयोध्या को विश्व स्तरीय पर्यटन नगरी के रूप में संवारने की कवायद चल रही है। अयोध्या के प्रमुख स्थलों राम की पैड़ी, नयाघाट, गुप्तारघाट व सूर्यकुंड को पर्यटन स्थल के रूप में विकासित किए जाने के साथ अब अब चौधरी चरण सिंह घाट को अयोध्या हाट के रूप में विकसित किए जाने की योजना है। योजना में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के अलावा स्थानीय उद्यमियों के आय में बढ़ोत्तरी को लेकर खासा जोर दिया गया है।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के साथ अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि होगी, ऐसे में स्थलों सहित कुंडों को विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अयोध्या में सरयू नदी के समीप स्थित चौधरी चरण सिंह घाट को आधुनिक दृष्टि से आकर्षक पर्यटन स्थल बनाने के उद्देश्य से अयोध्या हाट के रूप में विकसित किया जाएगा।
मंडलायुक्त ने बताया कि अयोध्या हाट के अंतर्गत चौधरी चरण सिंह घाट सहित आसपास के क्षेत्रों को आकर्षक ढंग से सजाया और संवारा जाएगा। घाट पर अच्छी तरह से डिजाइन की गई विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ, स्थानीय हस्तशिल्प, स्मृति चिह्न और अन्य वस्तुओं की दुकानें होंगी। इससे अयोध्या और देश के सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानी उद्यमियों के आय में भी बढ़ोत्तरी होगी।
बनेगा राम कुटीर कॉटेज, फ्लोरिंग रेस्टोरेंट का भी होगा संचालन
चौधरी चरण सिंह घाट पर विकसित होने वाली अयोध्या हाट के अंतर्गत बच्चों के लिए मनोरंजक इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र के साथ कॉटेज का भी निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। मंडलायुक्त ने बताया कि हाट के अंतर्गत पर्यटकों को आनंददायक बातावरण प्रदान करने के लिए एक पेरिस व्हील तथा आरामदायक प्रवास के लिए राम कुटीर कॉटेज का भी निर्माण कराया जाएगा। फ्लोरिंग रेस्टोरेंट और नाव का भी संचालन होगा। इसके साथ ही अयोध्या की विरासत पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा लेजर शो व आकर्षक फाउंटेन भी लगाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: चेतावनी बिंदु के पार पहुंचा गंगा का जलस्तर, पलायन करने को मजबूर हुए ग्रामीण
