रायबरेली में सड़क पर खुलेआम दिखी छात्रों की गुंडई, बस पर किया पथराव, Video वायरल
सलोन, रायबरेली, अमृत विचार। नगर के सिटीजन पब्लिक स्कूल के छात्रों की अराजकता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना 15 अगस्त के दिन की बताई जा रही है। स्कूली छात्रों ने अपने स्कूल के छात्रों पर हमला करने की नीयत से बस पर जमकर पत्थर बरसाए थे। घटना कामालगंज बाजार के समीप की बताई जा रही है। वहीं स्कूल प्रबंधन ने एक दर्जन छात्रों को विद्यालय से निष्कासित कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
सलोन नगर के प्रतापगढ़ राज्यमार्ग पर सिटीजन पब्लिक इंटर मिडियट कालेज है। स्वतंत्रता दिवस के दिन कक्षा नौ के छात्रों और इंटर के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। बताया जाता है कि पहले स्कूल के अंदर दोनों पक्षों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। वहीं स्वतंत्रता पर्व कार्यक्रम समापन के बाद बस से घर लौट रहे इंटर के छात्रों की बस पर कामालगंज बाजार के समीप आरोपित छात्रों ने जानलेवा हमले की नीयत से पत्थरबाजी शुरू कर दी।
वहीं बस पर सवार एक छात्र ने घटना का वीडियो बनाकर व्हाट्सएप पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही हरकत में स्थानीय पुलिस ने आरोपित छात्रों की लिस्ट सिटीजन इंटर कालेज के प्रबंधन से मांगी गई, और एक दर्जन छात्रों को कोतवाली लेकर आई थी। हालांकि विद्यालय प्रबन्धन की दोहरी नीति से पुलिस उहापोह की स्थित में है। जिससे आरोपितों पर पुलिस कार्यवाही नहीं कर सकी है। प्रबंधक राकेश शुक्ला का कहना है कि बारह बच्चो की कालेज से निकाल दिया गया है।
प्रभारी कोतवाली नारायण कुशवाहा ने बताया कि शिकायती पत्र के मुताबिक नामित छात्रों को उनके घर से कोतवाली लाया गयाथा। जिसके बाद अभिभावकों के दबाव में विद्यालय प्रबंधक ने मामले को रफ-दफा करने की बात कही। मामले में एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मामले में दो बाइक को जब्त किया गया है तथा 12 छात्रों को परिजनों को बुलाया गया है। चूंकि सभी स्कूली छात्र हैं इस कारण स्कूल प्रबंधन कार्रवाई कर रहा है।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: चेतावनी बिंदु के पार पहुंचा गंगा का जलस्तर, पलायन करने को मजबूर हुए ग्रामीण
