कानपुर देहात: डेरापुर में ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या, परिजनो में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात। सिकंदरा से बुकिंग लेकर बुधवार को कांधी के लिए निकले आटो चालक की गला रेत कर नृशंक हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह उसका शव डेरापुर थाना क्षेत्र के बीवापुर गांव के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसका गला कटा होने से हत्या कर शव सड़क किनारे फेंके जाने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे एसपी की छानबीन व फोरेंसिक टीम के साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

सिकंदरा कस्बे के शास्त्रीनगर मोहल्ले में सब्जी मंडी के पास रहने वाला सोहित जोशी (30) आटो चालक था। परिजनों के अनुसार वह बुधवार शाम को कांधी के लिए बुकिंग लेकर रवाना हुआ था। देर रात तक उसके वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

गुरुवार सुबह मुंगीसापुर-पुखरायां रोड पर बीवापुर गांव के पास सड़क किनारे उसका रक्तरंजित शव पड़ा मिला। जिसका गला कटा हुआ था। वहां के चैकीदार पप्पू ने एक युवक का शव पड़े होने तथा पास में एक आटो खड़ा होने की सूचना डेरापुर पुलिस को दी।

02

जानकारी होते ही मुंगीसापुर चैकी प्रभारी प्रभात कुमार सिंह मौके पर पहुंचे तथा घटना की सूचना उसके परिजनों व वरिष्ठ अफसरों को दी। इस पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे तो कोहराम मच गया। उसकी पत्नी प्रतिमा पति की मौत से बदहवास हो गई। जबकि मां चंदा देवी तथा भाई रोहित व सुमित का रो रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी होते ही एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति,एएसपी राजेश पांडेय व सीओ शिव ठाकुर फोरेंसिक टीम व डाग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। खोजी कुत्ता कुछ दूर जाने के बाद भटक गया। पूछतांछ में परिजनों ने सोहित का गला कटा होने से उसकी हत्या कर शव सड़क किनारे फेंके जाने का बात कही।

अफसरों की छानबीन व फोरेंसिक टीम के साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसपी बीबीजीएस मूर्ति ने बताया कि बीवापुर के पास आटोचालक का शव मिलने के मामले में छानबीन हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व साक्ष्य संकलन के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें:-यूपी में कांग्रेस ने किया बड़ा फेरबदल: अजय राय को बनाया अध्यक्ष, पीएम मोदी के खिलाफ लड़ चुके हैं चुनाव

संबंधित समाचार