Kanpur Central Station आने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर, नए स्वरूप में मिलेगा वेटिंग रूम, चलेगी बैटरी वाली कार
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर अत्याधुनिक वेटिंग रूम।
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर इस महीने के अंत तक यात्रियों को दो बड़ी सहूलियत मिलने जा रहीं हैं। 25 अगस्त को प्लेटफॉर्म एक पर बना अत्याधुनिक वेटिंग रूम नए स्वरूप में यात्रियों को मिलेगा।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर इस महीने के अंत तक यात्रियों को दो बड़ी सहूलियत मिलने जा रहीं हैं। 25 अगस्त को प्लेटफॉर्म एक पर बना अत्याधुनिक वेटिंग रूम नए स्वरूप में यात्रियों को मिलेगा। 29 अगस्त से बैटरी ऑपरेटेड कार प्लेटफॉर्म पर चलना शुरू हो जाएगी। इस कार की सुविधा शुरू हो जाने से यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर आने-जाने में सहूलियत हो सकेगी।
सेंट्रल स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली ये सुविधाएं पुनर्विकास योजना के तहत हैं। यात्रियों के लिए वेटिंग रूम पिछले एक महीने से मरम्मत की वजह से बंद था। खास बात यह है कि नए वेटिंग रूम में अब यात्रियों को सुविधाएं लेने के लिए शुल्क भी देना होगा। बैटरी ऑपरेटेड कार सेंट्रल पर 15 अगस्त से चलनी थी। ड्राइवर का प्रशिक्षण पूरा न होने पर अब 29 अगस्त से चलेगी।
10 रुपये होगा शुल्क
स्लीपर क्लासवेंटिंग रूम में रुकने के लिए यात्रियों को अब शुल्क देना होगा। यह शुल्क प्रतिघंटे के अनुसार लिया जाएगा। विश्राम कक्ष में इस शुल्क के बदले कई सुविधाएं भी हासिल होंगी। इन सुविधाओं में एसी, मॉडर्न फर्नीचर और विश्राम कक्ष के भीतर ही एक कैंटीन भी शामिल हैं। यह नया एसी वेटिंगरूम निजी कंपनी की ओर से अब चलाया जाएगा।
बैटरी कार के लिए 15 रुपये शुल्क
सेंट्रल पर चलने वाली बैटरी ऑपरेटेड कार के लिए यात्रियों को 15 रुपये शुल्क देना होगा। यह शुल्क प्रति यात्री होगा। सुविधा का लाभ लेने के लिए यदि कोई यात्री पूरी कार बुक कर रहा है तो उसे इसके लिए 75 रुपये देने होंगे। रेलवे ने इस सुविधा को शुरू करने के लिए एक निजी कंपनी से करार कर लिया है। यह सुविधा चौबीसों घंटे यात्रियों के लिए मिलेगी।
