Theft In Fatehpur: चोरों ने सर्राफा दुकान को बनाया निशाना, 12 लाख का माल किया पार, सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में सर्राफा दुकान का ताला तोड़कर 12 लाख की चोरी।

फतेहपुर में सर्राफा दुकान का ताला तोड़कर 12 लाख की चोरी। चोर पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए।

फतेहपुर, अमृत विचार। चोरों ने एक बार फिर से पुलिस की गश्त को धता बताते हुए घटना को अंजाम दिया है। गुरूवार की रात सर्राफा दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। साथ ही सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। भोरपहर हुई घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

मलवां थाना क्षेत्र के चखेड़ी गांव निवासी अरुण सोनी सर्राफा व्यापारी है। उन्होंने बताया कि वह कल्यानपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ी में वह अल्का ज्वैलर्स नाम से सर्राफा दुकान चलाते हैं। गुरुवार को वह रोज की तरह दुकान गए थे और शाम को दुकान में ताला लगाकर वापस घर चले गए थे। शुक्रवार भोरपहर रेवाड़ी के ही ग्रामीणों ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि दुकान का शटर खुला पड़ा है। यह सुनकर वह दंग रह गया। वह भोर पहर ही दुकान पहुंचा।

जहां दुकान के टूटे ताले देखकर वह स्तब्ध रह गया और दुकान का सारा सामान फैला पड़ा था। चोरी की घटना की जानकारी उसने तत्काल स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। अरुण सोनी ने तहरीर देकर बताया कि दुकान में दस किलो चांदी व सौ ग्राम सोने के आभूषण रखे थे जो कि चोरी हो गए। वहीं जांच में पता चला कि चोरों ने सीसीटीवी फुटेज का डीवीआर बॉक्स भी अपने साथ ले गए। मामले में सीओ बिन्दकी सुशील कुमार दुबे ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

सूने घर का ताला तोड़कर नगदी-आभूषण चोरी

सूने पड़े एक घर का ताला तोड़कर चोरों ने हजारों की नगदी समेत लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। शुक्रवार सुबह घर पहुंचे परिवार को घटना की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। मामले की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

चांदपुर थाना क्षेत्र के अमौली कस्बे में मुनेश कुशवाहा चौराहे पर चाय समोसे की दुकान चलाता है। उसने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि साले की तबीयत खराब होने के चलते वह परिवार के साथ कानपुर चला गया था। शुक्रवार सुबह जब वह घर पहुंचा तो ताला टूटा पड़ा था। घर के अंदर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। कमरे में देखा तो अलमारी में रखी 50 हजार रुपये की नगदी व सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो चुके थे। बताया कि करीब साढ़े चार लाख रुपये की चोरी हुई है।

संबंधित समाचार