Chitrakoot News: पुरानी पेंशन योजना की बहाली को लेकर परिषदीय शिक्षकों ने विरोध-प्रदर्शन कर विधायक को सौंपा ज्ञापन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में परिषदीय शिक्षकों ने विरोध-प्रदर्शन कर विधायक को सौंपा ज्ञापन।

चित्रकूट में पुरानी पेंशन योजना की बहाली को लेकर परिषदीय शिक्षकों ने विरोध-प्रदर्शन कर विधायक को ज्ञापन सौंपा। शिक्षक जुलूस की शक्ल सपा से सदर विधायक अनिल प्रधान के कार्यालय पहुंचे और 18 सूत्री ज्ञापन सौंपा।

चित्रकूट, अमृत विचार। पुरानी पेंशन योजना की बहाली सहित अन्य मांगों को लेकर शासन की उपेक्षा से परेशान परिषदीय शिक्षकों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। शिक्षक जुलूस की शक्ल सपा से सदर विधायक अनिल प्रधान के कार्यालय पहुंचे और 18 सूत्री ज्ञापन सौंपा। विधायक ने आश्वस्त किया कि वह उनकी मांगों के संबंध में प्रदेश सरकार से बात करेंगे।

पुरानी पेंशन, उपार्जित अवकाश, द्वितीय शनिवार अवकाश, अध्ययन अवकाश, कैशलेस चिकित्सा, पदोन्नति और प्रोन्नत वेतनमान आदि की लंबे समय से शिक्षक मांग करते आ रहे हैं। इसी कड़ी में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार पांडेय की अगुवाई में कई सौ शिक्षकों का हुजूम शहीद स्मारक स्थल से विधायक के कार्यालय पहुंचा।

यहां शिक्षकों ने विधायक को ज्ञापन देकर अपनी समस्याओं की जानकारी दी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मांगों का निराकरण न करने से शिक्षक समुदाय क्षुब्ध और आहत है। एक ओर समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा है, साथ ही साथ दूसरी ओर कुछ अधिकारी बेसिक शिक्षकों की  समस्याओं को तथ्य तोड़मरोड़कर प्रस्तुत कर रहे हैं।

इससे भी शिक्षक आक्रोशित हैं। विधायक ने उनकी मांगों को जायज ठहराते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि वह पहले ही विधानसभा में शिक्षको की समस्याओं को उठा चुके हैं। इस मौके पर जिला मंत्री आराधना सिंह, आलोक कुमार गर्ग, शहनाज बानो, अरुण श्रीवास्तव, वंदना यादव, शकुंतला, अतुल कुमार द्विवेदी, देव यादव, अमित कुमार पांडेय, हरीशंकर शुक्ला, विनय शुक्ला, शिवभूषण पांडेय, चंद्र प्रकाश तिवारी, शिव औतार सिंह, इंद्रेश श्रीवास्तव, विनय शुक्ला, शिव भूषण त्रिपाठी, अमित कुमार पांडेय, जानकी शरण, अतुल कुमार द्विवेदी, राकेश कुमार, पूजा वर्मा, अर्चना रिछारिया, महेश प्रजापति, संकल्प पांडेय, हरिशंकर तिवारी, विजय पांडेय आदि शिक्षक मौजूद रहे।

संबंधित समाचार