Bareilly: विदेश भेजने के लिए फर्जी वीजा बनाया, दो पर रिपोर्ट
मिलिट्री इंटेलिजेंस लखनऊ की बरेली इकाई और एलआईयू हुई सक्रिय
बरेली/कैंट, अमृत विचार। विदेश भेजने के लिए युवकों के फर्जी वीजा बनाने का मामला सामने आया है। इस मामले में कैंट थाना में दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसके बाद मिलिट्री इंटेलीजेंस लखनऊ की बरेली इकाई और जिले की एलआईयू सक्रिय हो गई हैं। कैंट पुलिस फर्जी वीजा बनाने वालों की तलाश कर रही है।

सदर बाजार, मदारी की पुलिया निवासी आरिफ ने बताया कि वह और उनके साथी नदीम अहमद ने कुछ दिनों पहले कुवैत में नौकरी करने के लिए वीजा बनवाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात सोनू से हुई। सोनू ने उनसे कहा कि वह वीजा बनवा देगा, लेकिन इसके लिए दोनों को 90-90 हजार रुपये खर्च करने होंगे। इसके बाद सोनू ने आरिफ और नदीम को दिल्ली में अजहर के पास भेज दिया।

वहां पर अजहर ने आरिफ और उसके साथी से मेडिकल परीक्षण कराने के नाम पर 10-10 हजार रुपये ले लिए और कहा कि जाओ मेडिकल परीक्षण हो गया है। आरिफ ने बताया कि मेडिकल कराने पर उसे फर्जीवाड़ा का शक हुआ, लेकिन वह उस वक्त चुप रहा। कुछ दिन बाद सोनू ने आरिफ के व्हाट्सएप पर दो वीजा भेजे और कहा कि काम हो गया है, जो रकम बची है उन्हें दे दें। जांच कराने पर दोनों वीजा फर्जी निकले, तब आरिफ ने थाना कैंट पहुंचकर सोनू और अजहर के खिलाफ शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। मोबाइल नंबरों के आधार पर कैंट पुलिस दोनों को तलाश कर रही है।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सक्रिय हुई खुफिया एजेंसियां
फर्जी वीजा बनवाने की जानकारी मिलने के बाद आर्मी इंटेलिजेंस सहित अन्य खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। इस मामले पर आर्मी इंटेलिजेंस लखनऊ की बरेली इकाई सक्रिय हो गई है। इसके साथ ही एलआईयू समेत अन्य जांच एजेंसियां भी जालसाजों का पता कर रही हैं।
कोरोना काल में हुई सोनू से मुलाकात
आरिफ ने बताया कि वह सऊदी अरब में नौकरी करता था। कोरोना काल में उसकी नौकरी छूट गई और वह बरेली आ गया। इसी दौरान उसकी मुलाकात सोनू से हो गई। तब सोनू ने उससे कहा कि वीजा कार्यालय में उसके मित्र की अच्छी जान पहचान है। वह वीजा बनवाने का काम करता है। यदि कभी किसी को वीजा बनवाना हो तो वह उससे संपर्क कर सकता है। आरिफ सोनू की बातों में आ गया।
आरिफ की शिकायत पर सोनू और अजहर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस दोनों को तलाश कर रही है। जल्द ही दोनों आरोपी पकड़ लिए जाएंगे--- बलवीर सिंह, इंस्पेक्टर कैंट।
यह भी पढ़ें- बरेली: बिन पानी की मछली की तरह सत्ता के लिए तड़प रहे हैं अखिलेश- डिप्टी सीएम
