Kanpur News: सेफ सिटी की तर्ज पर अब सेफ औद्योगिक क्षेत्र, UPSIDA इतने करोड़ से कर रहा परियोजना कार्य
कानपुर में यूपीसीडा 235 करोड़ से सेफ औद्योगिक परियोजना पर कार्य कर रहा है।
कानपुर में यूपीसीडा 235 करोड़ से सेफ औद्योगिक परियोजना पर कार्य कर रहा है। सेफ सिटी की तर्ज पर अब सेफ औद्योगिक क्षेत्र बन रहा है।
कानपुर, अमृत विचार। सेफ सिटी की तर्ज पर अब उप्र राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) सेफ औद्योगिक क्षेत्र पर काम कर रहा है। औद्योगिक क्षेत्रों में बकायदा परियोजना से जुड़े काम भी शुरू हो गए हैं। औद्योगिक क्षेत्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जा रहा है। ताकि वहां के लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें और वहां होने वाली हर गतिविधि कैमरे में कैद होती रहे।
इसके साथ ही पिंक ट्वायलेट, अग्निशमन केंद्र, पुलिस चौकी आदि का निर्माण किया जा रहा है। इन कार्यों पर करीब 235 करोड़ रूपये खर्च करने की योजना है। 70 औद्योगिक क्षेत्रों में परियोजना को मूर्त रूप दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सेफ सिटी बनाने की योजना पर लगातार काम हो रहा है और इसके परिणाम भी अच्छे आ रहे हैं। ऐसे में प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मयूर माहेश्वरी ने सेफ औद्योगिक क्षेत्र का प्लान बनाया और उसे धरातल पर उतरने के लिए न सिर्फ 235 करोड़ का भारी भरकम बजट पास किया बल्कि तेजी से काम भी शुरू करा दिया।
इससे न सिर्फ औद्योगिक क्षेत्र में महिलाओं, उद्यमियों और अन्य कर्मचारियों , श्रमिकों की सुरक्षा का बेहतर प्रबंधन होगा बल्कि सुरक्षित माहौल में काम भी बेहतर हो सकेगा। औद्योगिक क्षेत्रों में 25 हजार स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही हैं। इनमें 55 करोड़ रूपये खर्च किए जा रहे हैं। 480 हाई मास्ट लाइटें लगाने पर 80 करोड़ खर्च होने हैं। पिंक ट्वायलेट के निर्माण पर 14.5 करोड़ रूपये खर्च किए जा रहे हैं।
पार्कों का निर्माण 45 करोड़ से हो रहा है तो पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर 2.10 करोड़ रूपये और सीसीटीवी कैमरे लगाने पर 14 करोड़ व्यय करने का लक्ष्य है। महिलाओं के लिए डॉरमेट्री की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है।
मियावाकी पद्धति से पौधरोपण और रुद्राक्ष की बगिया विकसित की जा रही है। अलीगढ़, अमेठी, प्रयागराज और अन्य शहरों में कार्य शुरू हो गए हैं। कानपुर और लखनऊ के बीच उन्नाव में बसाई जा रही ट्रांसगंगा सिटी, मुरादाबाद, सिकंदराबाद प्रोजेक्ट में लाइटें जगमगाने लगी हैं। पुरानी हाई मास्ट लाइटों की जगह नई सौर आधारित हाई मॉस्ट लाइटें लगाई जा रही हैं। औद्योगिक परिसर में ही पुलिस स्टेशन अथवा पुलिस चौकी और फायर स्टेशन बनाए जा रहे हैं।
एआई से लैस होंगे सीसीटीवी कैमरे
सीसीटीवी कैमरे आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से लैस रहेंगे, जिससे किसी तरह की आपराधिक गतिविधि होने पर अलर्ट मिल जाएगा। कई जगह पब्लिक एड्रेस सिस्टम बनाए जा रहे हैं। यहां से कर्मचारियों और आसपास के लोगों को संदेश दिया जा सकेगा।
सेफ औद्योगिक क्षेत्र परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है। परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है।- मयूर माहेश्वरी, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपीसीडा
