यूपी पुलिस में सिपाहियों के 52 हजार पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू
पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने फिर जारी किया टेंडर नोटिस
राज्य ब्यूरो, लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में सिपाहियों के 52 हजार पदों के लिए भर्ती की प्रक्रिया को एक बार फिर शुरू किया गया है। पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने इसके लिए एक बार फिर टेंडर नोटिस जारी करते हुए कार्यदाती संस्थाओं से आवेदन करने को कहा है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, एईओआई (एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट) भेजने की अंतिम तिथि 25 अगस्त 2023 है। इस अवधि के भीतर इच्छुक कंपनियां [email protected] पर आवेदन कर सकते हैं।
ऐसे में जब पच्चीस अगस्त तक कंपनीज आवेदन करेगी तो फिर इसके बाद आगे की प्रक्रिया होगी। इसलिए नोटिफिकेशन जारी होने में और आवेदन प्रक्रिया शुरू होने में वक्त लग जाएगा। भर्ती बोर्ड के अफसरों को अनुमान है कि इन पदों के लिए करीब 25 लाख अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
मालूम हो कि कुछ अरसा पहले यूपी पुलिस में 52 हजार सिपाही भर्ती नोटिफिकेशन को लेकर यह जानकारी दी गई थी कि इसे 15 जुलाई 2023 तक जारी कर दिया जाएगा। हालांकि एक महीने से ज्यादा का समय बीतने के बाद भी अभी सूचना जारी नहीं की गई है।
जबकि इस संबंध में टेंडर से जुड़ा यह नोटिस जारी किया गया है। भर्ती प्रक्रिया कराने वाली कंपनी को ऑनलाइन एप्लीकेशन प्रक्रिया, एडमिट कार्ड, प्रोविजनल आंसर-की, फाइनल आंसर-की और बायोमेट्रिक वैरीफिकेशन और हेल्पलाइन समेत कई अन्य कार्यों की जिम्मेदारी निभानी होगी।
यह भी पढ़ें:-यादव समाज का अहित चाहती है सपा: बोले पूर्व विधायक शिवप्रसाद- ‘सैफई परिवार’ ने पूरे प्रदेश को बर्बाद कर दिया
