बरेली: शहर के मेंथा व्यापारी की गाजियाबाद में गोली मारकर हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर के मेंथा व्यापारी की गाजियाबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई और उसके शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने अज्ञात में ही शव का अंतिम संस्कार करा दिया। व्यापारी की पत्नी ने 3 सितंबर को कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने …

बरेली, अमृत विचार। शहर के मेंथा व्यापारी की गाजियाबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई और उसके शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने अज्ञात में ही शव का अंतिम संस्कार करा दिया। व्यापारी की पत्नी ने 3 सितंबर को कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी अभी भी गायब है।

अशरफ खां छावनी स्थित आशा विहार कालोनी निवासी स्वाती अग्रवाल ने कोतवाली में पति रुपेश अग्रवाल की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया था कि पति रुपेश 30 अगस्त को सुबह करीब 5 बजे घर से बिना बताए कहीं चले गए। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। उनका फोन भी बंद हो गया। छानबीन करने पर पता चला कि रुपेश घर से जाने के बाद दो लोगों के साथ सिविल लाइंस स्थित रुहेला होटल में रुके थे। 31 अगस्त को उन्होंने होटल छोड़ दिया था।

रुपेश के साथ होटल में रुकने वाले दो लोगों की आईडी भी स्वाती अग्रवाल ने कोतवाली पुलिस को दी थी। कोतवाली पुलिस ने 3 सितंबर को गुमशुदगी दर्ज कर रुपेश की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार को पुलिस को पता चला कि 1 सितंबर को रुपेश का शव गाजियाबाद में हाईवे पर पड़ा मिला था। उनकी गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने होटल में रुके एक युवक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

“रुपेश की गाजियाबाद में गोली मारकर हत्या की गई थी। उनके शव का वहां पर अज्ञात में अंतिम संस्कार भी हो गया था। पुलिस उनके हत्यारों को तलाश कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।”- गीतेश कपिल, इंस्पेक्टर कोतवाली।

संबंधित समाचार