बरेली: इज्जतनगर जंक्शन पर कांवड़ियों को विश्राम करने से रोका, हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर रेलवे जंक्शन परिसर में शनिवार की देर शाम जीआरपी के जवानों ने कांवड़ियों को विश्राम करने से मना किया। इसी बात को लेकर कांवड़िए भड़क गए और हंगामा करने लगे। कुछ ही देर में तमाम संगठनों के पदाधिकारी पहुंच गए और डीआरएम से वार्ता की। इसके बाद कांवड़ यात्रियों को विश्राम करने की अनुमति मिली, तब मामला शांत हो गया।

भोजीपुरा के धौराटांडा निवासी गोविंद रस्तोगी के नेतृत्व में 85 कांवड़ लेकर करीब सौ लोग कछला गंगा तट पर जल लेने के लिए 16 अगस्त को गए थे। वहां से सभी कांवड़ यात्री शनिवार की देर शाम को वापस आ रहे थे। इज्जतनगर रेलवे जंक्शन परिसर में कांवड़ यात्री बैठ गए। इस पर जीआरपी कर्मियों ने रुकने से मना किया। जीआरपी का तर्क था कि सामने दूसरे समुदाय का धार्मिक स्थल है। इसी बात को लेकर कांवड़िए हंगामा करने लगे।

जानकारी मिलने पर परशुराम सेना के प्रदीप गुप्ता, विमल गुप्ता, सूरज पाल मौर्या, हिंदू जागरण मंच से दुर्गेश गुप्ता, विनोद राजपूत, मिंटू सिंह, दिलीप रस्तोगी समेत दर्जनों लोग एकत्र हो गए। इसके बाद कांवड़ यात्री नारेबाजी करने लगे। कुछ देर रेलवे अधिकारियों ने उन्हें विश्राम करने की अनुमति दे दी। इसके बाद काफी देर तक कांवड़ यात्री डीजे की धुन पर थिरकते रहे।

ये भी पढे़ं- बरेली: बर्थडे पार्टी में तमंचे पर डिस्को, वीडियो वायरल

 

संबंधित समाचार