बरेली: स्कूल में रसोइया से साफ करा रहे शौचालय, कोरोना काल से नहीं मिला मानदेय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। क्यारा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय ऐना में रसोइया के पद पर कार्यरत महिला ने स्कूल के शौचालय साफ कराने का आरोप लगाते हुए संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की है। अधिकारियों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से मामले में आख्या तलब की है।

रसोइया रेखा ने अधिकारियों को बताया कि उनके पति का निधन हो चुका है। आरोप है कि उनसे स्कूल में भोजन बनवाने के साथ शौचालय साफ कराए जाते हैं। मना करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है।

कहा कि अधिकारी बड़े लोगों की सुनते हैं, मेरा शिकायती पत्र देख लिया, मगर कार्रवाई का आश्वासन नहीं दिया। यह कहते हुए उनके आंसू निकल आए। बोलीं- कोरोना काल के बाद से मानदेय नहीं मिला है। घर की स्थिति दयनीय है। वहीं शनिवार को 33 शिकायतें पहुंचीं। इसमें चार का निस्तारण मौके पर किया गया। अपर जिलाधिकारी नगर डाॅ आरडी पांडेय की अध्यक्षता में समाधान दिवस में सुनवाई की गई। आईजी डाॅ राकेश सिंह भी तहसील में पहुंचे। एसपी सिटी राहुल भाटी, एसडीएम सदर प्रत्यूष पांडेय, सीओ श्वेता यादव आदि मौजूद रहे।

नालियों की सफाई नहीं, गंदा पानी घरों में घुस रहा
मलेरिया विभाग और ठिरिया नगर पंचायत के अधिकारी संचारी रोग नियंत्रण को लेकर गंभीर नहीं हैं। मोहनपुर नकटिया की नन्ही देवी, लक्ष्मी देवी, चंद्रकली, आशा देवी, महावीर, भीमसेन, प्रेमवती आदि ने समाधान दिवस में बताया कि सफाई न होने से नालियां चोक हैं। गंदा पानी घरों में घुस रहा है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। शिकायत पर बीडीओ क्यारा को भेजकर समस्या का निराकरण कर आख्या तलब की गई है।

नौकरी लगवाने के नाम पर अभियंता ने लिए रुपये, अब लौटा नहीं रहे
वीर सावरकर नगर की तारावती पत्नी प्रदीप कुमार ने अफसरों को बताया कि पति की नौकरी लगवाने के लिए आंवला में रहने वाले बिजली विभाग के अभियंता को दो लाख रुपये दिए थे। नौकरी नहीं लगने पर रुपये वापस मांगे, लेकिन उन्होंने रकम वापस नहीं की। 10 अप्रैल को रामगंगा चौकी में समझौता हुआ, जिसमें अभियंता ने 10 हजार रुपये दिए थे।

उन्होंने एक सप्ताह बाद 1.40 लाख रुपये देने का वादा कर चेक दिया था। चेक को एसबीआई में लगाया तो वह बाउंस हो गया। आरोप है कि अब अभियंता रुपये लौटने की बात पर धमका रहे हैं। पीड़िता ने रुपये दिलाने की गुहार लगाई है। अधिकारियों ने एसएचओ को शिकायत भेजने के साथ दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता कराने की बात कही है।

ये भी पढे़ं- बरेली: इज्जतनगर जंक्शन पर कांवड़ियों को विश्राम करने से रोका, हंगामा

 

 

संबंधित समाचार