कानपुर: पीवीआर सिनेमा में फिल्म के दौरान शार्ट-सर्किट से लगी आग, दर्शकों में मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। किदवई नगर स्थित साउथ एक्स मॉल में सिनेमा हाल में गदर फिल्म के शो के दौरान रिक्लाइनर सीट में शार्ट-सर्किट से आग लग गई। धुंआ उठता देख सिनेमा हाल में मौजूद दर्शकों में हड़कंप मच गया। सिनेमा हॉल में धुंआ भरने से दर्शकों में लाउंज की ओर भागने लगे। लोगों की सूचना पर जूही पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग बुझने के 20 मिनट बाद दोबारा शो शुरू किया गया। गनीमत यह रही कि घटना से कोई हताहत नहीं हुआ। 

साउथ एक्स मॉल में दाल मिल कारोबारी से मारपीट व लूट का मामला अभी शांत नहीं हुआ था, कि शनिवार देर रात एक बार फिल्म मॉल के पीवीआर सिनेमा हॉल में आग लगने से हड़कंप मच गया। शनिवार शाम लाल बंगला निवासी अंकुर बंसल पत्नी व दो बच्चों संग गदर फिल्म देखने के लिए साउथ एक्स मॉल गए थे। ऑडी-3 हाल में 6:40 के क्यू 13 रिक्लाइनर सीट उन्होंने ली थी। शो के दौरान ऑडी-3 में करीब 497 दर्शक मौजूद थे।

अंकुर ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे सीट को व्यवस्थित करने के लिए उन्होंने सीट का एडॉप्टर दबाया तो अचानक उसमें शार्ट-सर्किट हो गया। देखते ही देखते सीट में आग लग गई और सिनेमा हॉल में धुंआ भरने लगा। धुंआ भरते देख सिनेमा हाल में मौजूद दर्शक लाउंज की ओर भागने लगे। लाउंज में अफरा-तफरी मचने पर मॉल के प्रबंधक वैभव व दुर्गेश मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। आग पर काबू न पाने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

जूही थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और सिनेमा हाल में लगे अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाया। इस दौरान लाउंज में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। करीब 20 मिनट बाद दोबारा शो शुरू किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना से कोई भी दर्शक हताहत नहीं हुआ है। रिक्लाइनर सीट को व्यवस्थित करने के दौरान शार्ट-सर्किट से हादसा हो गया था।

यह भी पढ़ें:-उन्नाव: मामूली विवाद में अधेड़ की धारदार हथियार से हत्या

संबंधित समाचार