विन्ध्याचल में विकास और रोजगार का माध्यम हो सकता है पर्यटन: योगी
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि विन्ध्य क्षेत्र ‘हर घर नल’ योजना के लिए चयनित है। इस योजना के लिए 6 हजार करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है। इसके तहत स्वच्छ व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के …
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि विन्ध्य क्षेत्र ‘हर घर नल’ योजना के लिए चयनित है। इस योजना के लिए 6 हजार करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है। इसके तहत स्वच्छ व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से विन्ध्याचल मण्डल के विकास कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विन्ध्याचल मण्डल में विकास और रोजगार का माध्यम पर्यटन हो सकता है।
इस अवसर पर उन्होंने विन्ध्याचल मण्डल के जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करते हुए विकास कार्यों के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने सभी परियोजनाओं को समयबद्ध व गुणवत्तापरक ढंग से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए, जिससे जनता को इनका लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने आईटी इंजीनियरिंग कॉलेज, मीरजापुर का निर्माण समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि इस कॉलेज के निर्माण की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। राजकीय मेडिकल कॉलेज, मीरजापुर में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने को ध्यान में रख्रते हुए निर्माण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए।
भदोही में बने एक्सपो मार्ट को चलाने की कार्ययोजना
योगी ने कहा कि भदोही में बने एक्सपो मार्ट के संचालन की कार्ययोजना बनाकर कालीन के निर्यात को बढ़ावा दिया जाए। भदोही में वेटनरी कॉलेज के निर्माण की कार्यवाही तेज की जाए तथा औराई चीनी मिल में बायो फ्यूल के उत्पादन की कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का भौतिक सत्यापन जरूरी है। इस संबंध में क्षेत्र भ्रमण कर कार्यवाही की जाए। प्रत्येक विकास कार्य के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए जाएं जो समयबद्ध ढंग से निर्माण कार्यों की प्रगति के संबंध में समीक्षाएं करें। उन्होंने कहा कि रिवाइज इस्टीमेट की स्थिति न आने दी जाए। किसानों को उर्वरकों सहित कृषि संबंधी अन्य समस्याओं का सामना न करना पड़े।
आकाशीय बिजली का समय से हो अलर्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों के आवंटन के संबंध में स्थानीय स्तर पर निर्णय लिया जाए। ग्राम सचिवालय, सामुदायिक शौचालय के निर्माण कार्य प्राथमिकता के साथ कराए जाएं। आवासीय योजनाओं की किश्तों को समय से जारी किया जाए। राजस्व में वृद्धि के संबंध में समयबद्ध समीक्षा की जाए। राहत आयुक्त द्वारा वर्तमान तकनीकी के आधार पर आकाशीय बिजली की घटना से 5-6 घण्टे पहले अलर्ट जारी किए जाते हैं।
तीन परियोजनाओं पर चल रहा कार्य
जिलाधिकारी, मीरजापुर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जनपद में 10 से 50 करोड़ रुपए के मध्य की लागत की 12 परियोजनाएं संचालित हैं। हर घर नल योजना के तहत 5 विकास खण्डों का सर्वे कार्य पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी, भदोही ने बताया कि जनपद में 10 से 50 करोड़ रुपए की लागत की 3 योजनाओं पर कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी सोनभद्र ने कहा कि जनपद में 10 से 50 करोड़ रुपए की लागत की 13 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। इस अवसर पर मुख्य सचिव आरके तिवारी, कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा, अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव वित्त संजीव मित्तल, अपर मुख्य सचिव नियोजन एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन कुमार कमलेश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
