कानपुर में बाढ़ : चार गांवों में घुसा पानी, छतों पर गुजारी रात, खतरे के निशान को पार कर चुका गंगा का जलस्तर
कानपुर में बाढ़ का पानी चार गांवों में पानी घुसा।
कानपुर में बाढ़ का पानी चार गांवों में पानी घुसा। खतरे के निशान को गंगा का जलस्तर पार कर चुका। प्रशासन ने बाढ़ किट बंटवाई।
कानपुर, अमृत विचार। गंगा बैराज पर गंगा के खतरे के निशान से पार होने से कटरी के चार गांवों में पानी पहुंच गया है। शुक्रवार देर रात पानी इतना बढ़ गया कि घरों के अंदर घुस गया। इस वजह से ग्रामीणों को छतों पर रात गुजारनी पड़ी। इधर, आपदा प्रबंधन ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर बाढ़ से निपटने के लिए सारे इंतजाम कर लिए हैं। प्रशासन की ओर से गांवों में बाढ़ किट बंटवाई गई है। प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट मोड़ पर हैं।
पहाड़ी इलाकों में बादल फटने और लगातार बारिश होने से पानी छोड़ा जा रहा है। नरौरा डैम और हरिद्वार से शनिवार को चार लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी बैराज पर पहुंचा। इससे गंगा का पानी कटरी के भोपाल का पुरवा, चैनपुरवा, ख्यौरा कटरी के भगवानदीनपुरवा और चंदीपुरवा गांव में पानी पहुंच गया था।
चैनपुरवा गांव के कुछ मकानों में पानी पहुंच गया था, लेकिन देर रात को तेजी के साथ जलस्तर बढ़ने से तीन गांवों के मकानों में पानी पहुंच गया। रात को कोई मदद भी नहीं मिल सकती थी। इस वजह से ग्रामीण परिवार समेत छत पर चले गए। उन्होंने पूरी रात छत पर गुजार दी। शनिवार सुबह गंगा का जलस्तर अपस्ट्रीम में खतरे के निशान को पार 510 सेंटीमीटर आगे रहा।
वहीं, डाउनस्ट्रीम में भी गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 310 सेंटीमीटर ज्यादा रहा। सुबह आपदा प्रबंधन की टीम ने गांवों में पहुंचकर बाढ़ किट बंटवाई। साथ ही हर गांव में गोताखोर तैनात किए जाने के साथ ही दवा का वितरण भी वितरण कराया गया, ताकि बीमारी से बचाव हो सके।
हेल्पलाइन नंबर जारी, बाढ़ चौकियां सक्रिय
आपदा प्रबंधन ने हेल्पलाइन नंबर 0512-2985077 जारी किया है। साथ ही 35 बाढ़ चौकियां बनाकर उनको अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा 21 गोताखोरों के साथ 88 नाविक तैनात किए गए हैं। साथ ही लाइफ जैकेट का भी इंतजाम किया गया है। अगर कोई भी ग्रामीण किसी आपदा में फंस जाता है तो वह हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर सकते हैं। यह सुविधा चौबीस घंटे चालू रहेगी।
बैराज में आज पहुंचेगा 4.13 लाख क्यूसेक पानी
नरौरा और हरिद्वार से हर दिन चार लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी बैराज पहुंच रहा है। शनिवार को चार लाख 13 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह पानी रविवार सुबह तक बैराज पहुंच जाएगा। इससे जलस्तर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। अगर इसी तरह पीछे से पानी आता रहा तो कटरी के अन्य गांवों में भी पानी पहुंच सकता है।
ये इंतजाम किए गए
- 35 बाढ़ चौकियां सक्रिय
- 88 नावों का इंतजाम किया गया
- 21 गोताखोर लगाए गए
- 50 लाइफ जैकेट हर तहसील को दी गईं
ये रहा जलस्तर
114.510 मीटर जलस्तर अपस्ट्रीम में रहा
114.310 मीटर जलस्तर डाउनस्ट्रीम में रहा
393935 क्यूसेक पानी बैराज से छोड़ा गया
112.970 मीटर जलस्तर शुक्लागंज गेट पर रहा
305041 क्यूसेक पानी नरौरा डैम से छोड़ गया
108412 क्यूसेक पानी हरिद्वार से छोड़ा गया
