अमृत विचार की खबर का असर, 19 दिन से रुका वेतन सुरक्षाकर्मियों को 2 घंटे में मिला
लखनऊ, अमृत विचार। अमृत विचार की खबर का बड़ा असर हुआ है। राजधानी स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में तैनात सुरक्षाकर्मियों को वेतन मिल गया है।
दरअसल, डॉ.राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में आउटसोर्सिंग पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को 18 अगस्त की तारीख बीत जाने के बाद भी वेतन नहीं मिल पाया था। यह हाल तब है, जब शासन ने सख्त निर्देश दिए है कि हर माह की 7 तारीख तक आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन भुगतान कर दिया जाये। उसके बाद भी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को कई बार वेतन समय पर नहीं मिल पाता है। इस बार भी 18 अगस्त की तारीख बीत जाने के बाद भी करीब 200 सुरक्षाकर्मियों को वेतन नहीं मिला था। 10400 के करीब वेतन पाने वाले सुरक्षाकर्मियों को वेतन न मिलने के कारण घर चलाना मुश्किल हो गया था, कई सुरक्षाकर्मियों को घर चलाने के लिए उधार तक लेना पड़ा। इस बात की जानकारी होने पर 19 अगस्त को अमृत विचार वेबसाइट पर लखनऊ : लोहिया संस्थान में नहीं सुधर रही व्यवस्था, अभी तक नहीं मिला वेतन, कर्ज लेकर घर चलाने को मजबूर सुरक्षाकर्मी हैडिंग से समाचार चलाया था। समाचार चलने के बाद महज दो घंटे में सुरक्षाकर्मियों का वेतन उनके खाते में आ गया।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : लोहिया संस्थान में नहीं सुधर रही व्यवस्था, अभी तक नहीं मिला वेतन, कर्ज लेकर घर चलाने को मजबूर सुरक्षाकर्मी
