Hamirpur News: छोटे ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट, CCTV से खुला राज, बंटवारे के विवाद ने कराया खून
हमीरपुर में ससुराल छोड़ने के बहाने घर से लेकर युवक ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट।
हमीरपुर में ससुराल छोड़ने के बहाने घर से लेकर युवक ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट। सीसीटीवी कैमरे खंगालने से हत्या का राज खुला। आरोपियों की निशानदेही पर तमंचा बरामद हुआ।
हमीरपुर, अमृत विचार। सैनिक पिता की मौत के बाद पेंशन आदि मदों से प्राप्त लाखों रुपये के बंटवारे के विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर एक्सीडेंट का रूप देने का प्रयास किया और आलाकत्ल तमंचा तपोभूमि पुल के नीचे छिपाकर हादसे का ढोंग रचता रहा। लेकिन जैसे ही सीसीटीवी फुटेज में वह भाई को अपने साथी के साथ लेकर जाते दिखा, वैसे ही पुलिस ने उसे दबोचकर हत्या का सारा राज उगलवा लिया और तमंचा आदि निशानदेही पर बरामद कर जेल भेजने की तैयारी की है।
थाना सुमेरपुर के पंधरी गांव निवासी रामप्रताप यादव (35) गुरुवार देर रात गांव से लापता हो गया था। शुक्रवार सुबह इसका शहर कोतवाली क्षेत्र के चंदौखी मोड़ के पास नेशनल हाईवे 34 में पाया गया। शुरुआत में कोतवाली पुलिस इसे एक्सीडेंट मान रही थी। मृतक का छोटा भाई विजय उर्फ छोटू भी एक्सीडेंट की बात कहकर गुमराह करता रहा, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जैसे ही गोली मारकर हत्या का जिक्र सामने आया। तभी सभी चुप्पी साध गए।
हत्या की बात सामने आने पर सक्रिय पुलिस ने शुक्रवार देर शाम कस्बे में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें रात 9.39 बजे रामप्रताप अपने भाई विजय उर्फ छोटू तथा गांव निवासी कुलदीप पुत्र जगदीश वर्मा के साथ बाइक में बैठकर हमीरपुर की ओर जाते दिखा। पुलिस ने शुक्रवार को देर रात दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। दोनों ने कुछ ही देर में सारा राज उगल दिया।
मृतक के भाई विजय ने बताया कि वह आए दिन शराब पीकर घर में हंगामा करता था और पिता की पेंशन आदि मदों से प्राप्त रूपयों के बंटवारे की बात कहता था। घटना वाले दिन भी वह घर शराब पीकर आया और मां जमुना देवी के साथ उससे विवाद करने लगा। मां के समझाने पर वह शांत हो गया और अपनी ससुराल अमौली फतेहपुर जाने की रात में ही जिद करने लगा। तब उसने गांव निवासी कुलदीप वर्मा को साथ लिवाकर बाइक से अमौली जा रहा था। तभी उसने चंदौखी मोड़ के पास बाइक रुकवाकर फिर झगड़ा शुरू कर दिया।
खुन्नस में आकर उसने गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से भाग आया। हत्या में प्रयुक्त तमंचा उसने गायत्री तपोभूमि के समीप पुल के नीचे छुपाकर गांव लौट गया और सुबह जब सूचना पाकर मौके पर गया। इसके बाद उसने एक्सीडेंट होने की बात कहनी शुरू कर दी। परंतु पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सच सामने आ गया।
सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली से मौत पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जिसमें मृतक का छोटा भाई विजय व गांव निवासी कुलदीप वर्मा साथ दिखे। बताया कि पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रविवार को सुबह तपोभूमि पुल के नीचे से आलाकत्ल तमंचा बरामद किया है। दोनों पर हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
