Etawah में शिवपाल यादव बोले- भाजपा सरकार में कर्जा व कब्जा दोनों ही बढ़ रहे, सरकार विपक्ष को बना रही टारगेट
इटावा में शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार को घेरा।
इटावा में शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में कर्जा व कब्जा दोनों ही बढ़ रहे है। सरकार विपक्ष को टारगेट बना रही है।
इटावा, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिव पाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार विपक्ष को जबरन टारगेट कर रही है जिसमें सपा प्रमुख है। उसके कायर्कर्ताओ का उत्पीडन कर उन्हें जेल में डाला रहा है। श्री यादव जिला कारागार में बंद मनीष यादव पतरे से मुलाकात करने के बाद पत्रकारों ने बात कर रहे थे।
सपा महासचिव ने बताया कि मनीष यादव पतरे के खिलाफ प्रधानमंत्री पर सोशल मीडिया के जरिए आपत्ति जनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया गया था। बाद में पुलिस ने कथित रूप से उन्हें मुठभेड में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार का एक काम विपक्ष को टारगेट करना रह गया है। जिसमें सपा सबसे आगे है। सपा के कार्यकर्ताओं का लगातार उत्पीडन किया जा रहा है।
उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार में कर्जा व कब्जा दोनों ही बढ रहे है। उनके द्वारा किए गए सारे वादे खोखले निकले है। सरकार की नीतियों से आम आदमी काफी परेशान है। मनीष यादव पतरे से मिलने के बाद उन्होने जेल की व्यवस्थाओं को भी देखा जहां जेल की व्यवस्थाओं से वह संतुष्ट नजर आए।
