Kanpur Bar Association Election: कड़ी सुरक्षा के बीच हो रहा मतदान, 6098 मतदाता 89 प्रत्याशियों के भाग्य का करेंगे फैसला
कानपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच बार एसोसिएशन का चुनाव हो रहा।
कानपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच बार एसोसिएशन का चुनाव डीएवी डिग्री कॉलेज में हो रहा। 6098 मतदाता कुल 89 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर में बार एसोसिएशन की 21 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए मंगलवार को डीएवी डिग्री कॉलेज में मतदान शुरू हो रहा है। 6098 मतदाता कुल 89 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतगणना बुधवार से बार एसोसिएशन के राम अवतार महाना हाल में होगी।

डीएवी कॉलेज से ग्रीनपार्क चौराहे तक रेड जोन
बार एसोसिएशन चुनाव के मतदान के समय डीएवी कॉलेज से ग्रीनपार्क चौराहे तक की सड़क रेड जोन घोषित की गई है। इस दौरान इस सड़क पर सिर्फ वोट डालने वाले अधिवक्ता, प्रशासनिक अधिकारी और चुनाव संचालन समिति के सदस्य ही आवाजाही कर सकेंगे। मतदान करने वाले अधिवक्ता दूसरे गेट से निकलकर ग्रीनपार्क चौराहे जाएंगे। वहां से वह कचहरी जा सकेंगे। मतदाताओं को दिक्कत न हो, इसके लिए बस लगाई गई है।
सुरक्षा के लिए तैनात किए गए 12 सौ पुलिस कर्मी
बार एसोसिएशन चुनाव के मतदान के लिए 12 सौ पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। मतदान स्थल पर 80 सीसी कैमरे के साथ एक ड्रोन से निगरानी की जाएगी। बूथ पर सेवानिवृत्त सैनिकों को भी लगाया गया है, जो मतदान करने वालों पर नजर रखेंगे। इंजीनियरिंग कॉलेज के दो छात्र भी मतदान में सहयोग करेंगे। वह क्यूआर कोड की पर्ची को स्कैन करेंगे।
अध्यक्ष हो सकता है त्रिकोणीय मुकाबला
बार एसोसिएशन चुनाव में इस बार अध्यक्ष और महामंत्री पद पर रोचक मुकाबला है। इन्हीं दोनों पदों पर सबकी निगाह लगी है। अध्यक्ष पद पर नसीरुद्दीन, गिरधर द्विवेदी, पीयूष अवस्थी, दिनेश शुक्ला, प्रमोद द्विवेदी और रामेंद्र कटियार प्रत्याशी हैं। इसमें गिरधर द्विवेदी और प्रमोद द्विवेदी को छोड़कर सभी पूर्व पदाधिकारी रह चुके है। नसीरुद्दीन पूर्व महामंत्री, पीयूष अवस्थी पूर्व महामंत्री, दिनेश शुक्ला लायर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और रामेंद्र कटियार बार के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। प्रमोद द्विवेदी पिछले चुनाव में रनर रहे थे। इस वजह से उनकी भी दावेदारी तगड़ी मानी जा रही है। फिलहाल कचहरी के चुनाव पंडितों की मानी जाए तो अध्यक्ष पर त्रिकोणीय मुकाबला है। इसमें दो पूर्व पदाधिकारी शामिल है।
महामंत्री पद पर एक पर एक मुकाबला
बार महामंत्री पद पर रामजी दुबे, पवन कुमार तिवारी, देवेंद्र कुमार शर्मा, प्रशांत कुमार बाजपेयी, आदित्य कुमार सिंह और सुशील कुमार सिंह प्रत्याशी है। इसमें सुशील कुमार सिंह को छोड़कर सभी प्रत्याशी कई बार चुनाव लड़ चुके है। पवन कुमार तिवारी का यह छठवां, आदित्य सिंह का तीसरा, रामजी दुबे, देवेंद्र कुमार शर्मा और प्रशांत कुमार बाजपेयी का दूसरा चुनाव है। महामंत्री पद पर बताया जा रहा है कि इस बार एक पर एक का मुकाबला है।
