शाहजहांपुर: लगातार बारिश ने दी गर्मी से राहत तो जलभराव बना मुसीबत
धान व गन्ने की फसल में किसानों को मिली राहत
शाहजहांपुर, अमृत विचार। कई दिनों से उमस भरी गर्मी के बाद मंगलवार की सुबह से छाए बादलों और लगातार हुई कभी तेज तो कभी धीमी बारिश से मौसम सुहावना रहा। मौसम विज्ञानी डॉ. वीके सिंह के अनुसार 40 मिमी बारिश हुई। कुछ देर की बारिश से ही शहर में कई स्थानों पर जलभराव हो गया। शाम को अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
पिछले एक सप्ताह से तरसाते बादलों और उमस भरे मौसम से लोग बेहाल हो गए थे। मंगलवा की सुबह से ही चल रही पुरबाई और आसमान में छाए बादलों से मौसम सुहावना हो गया। सुबह आठ बजे से ही बारिश शुरू हो गई, जो दिनभर और रात तक होती रही।
काले घने बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा हो गया और वाहन चालक लाइटें जलाने को मजबूर हो गए। दिनभर हुई रुक-रुककर कभी तेज तो कभी धीमी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं तारीन टिकली में मल्हार मोड़, टाउन हाल, नगर निगम कार्यालय के पीछे, रोडवेज बस स्टेशन के सामने, बाबा विश्वनाथ मंदिर के नजदीक, झंडा चौराहा, कनौजिया तिराहा, अंटा चौराहा, हुसैनपुरा की गलियों आदि निचले इलाकों में पानी भर गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. वीके सिंह ने बताया कि बुधवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश की भी उम्मीद है
