रामपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका मिला विवाहिता का शव, परिजन बोले- किसी से नहीं था कोई विवाद
रामपुर/टांडा, अमृत विचार। नगर के मोहल्ला प्रेमनगर नई बस्ती में कमरे में एक विवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर के मोहल्ला प्रेमनगर नई बस्ती निवासी हामिद ऑटो रिक्शा चलाता है। मंगलवार को दोपहर बाद कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि मोहल्ला प्रेमनगर नई बस्ती में हामिद की पत्नी आयशा (30) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसके बाद कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की और शव को पोस्टमार्टम को भेजे जाने की तैयारी शुरू कर दी।
सूचना पर पालिकाध्यक्ष हाजी सरफराज आलम, भाजपा नेता मकसूद लाला, सभासद एम सगीर, तस्लीम पहलवान, पूर्व सभासद हाजी जलीस सहित मुनव्वर अली आदि भी मौके पर पहुंच गए। कस्बा चौकी इंचार्ज भीमसेन ने बताया, प्रथम द्रष्टया पूरा मामला आत्महत्या से जुड़ा लग रहा है।
मृतका की चार पुत्रियां हैं। विवाहिता की शादी आठ वर्ष पूर्व हुई थी। किसी तरह का कोई विवाद होने की बात से ससुराल व मायके के लोग इंकार कर रहे हैं। तहरीर आने पर ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- BRICS: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने साउथ अफ्रीका पहुंचे PM मोदी, उप राष्ट्रपति ने किया भव्य स्वागत
