बरेली: अब हर बुखार के मरीज की होगी डेंगू-मलेरिया की जांच
बरेली, अमृत विचार। साल 2018 के बाद इस बार भी डेंगू के मामलों में प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों में आने वाले बुखार के मरीजों की डेंगू-मलेरिया की जांच कराने का फैसला किया है। सीएमओ ने सभी सरकारी अस्पतालों को जांच कराने के आदेश जारी किए हैं।
जिले में पिछले दो महीनों में लगातार मलेरिया के मामलों में इजाफा हो रहा है। डेंगू के मामले भी बढ़ने लगे हैं। वर्तमान में डेंगू के सक्रिय मरीजों की संख्या 29 है, लेकिन मलेरिया के मरीजों की संख्या 2000 के करीब पहुंच चुकी है। इसी के चलते अब सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में आने वाले बुखार के मरीजों की अनिवार्य रूप से मलेरिया की जांच की जाएगी। जिस मरीज में डेंगू के लक्षण होंगे, उसकी भी जांच होगी। बुधवार को सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों को आदेश जारी कर दिया है।
अस्पताल में जलभराव, पनप रहा लार्वा
दो दिन से लगातार हो रही बारिश से जिला अस्पताल परिसर में जलभराव हो गया है। बच्चा वार्ड, इमरजेंसी समेत अन्य वार्डों के बाहर पानी भरने से मच्छर का लार्वा पनपने की आशंका बनी हुई है। वार्डों में भर्ती मरीजों को डेंगू-मलेरिया का खतरा बना हुआ है। वहीं रोड पार वाले भवन के वार्डों में भी जलभराव की समस्या बनी हुई है।
झमाझम बरसात फिर भी ओपीडी 1300 पार
मंगलवार देर रात से लगातार बारिश हो रही है। जिला अस्पताल के ओपीडी परिसर के बाहर जलभराव होने के बाद भी बड़ी संख्या में मरीज लाइन लगाए नजर आए। जिला अस्पताल और 300 बेड अस्पताल में बुधवार को 1365 मरीज इलाज के लिए पहुंचे।
ये भी पढे़ं- बरेली: चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर शहर में खुशी की लहर, लोगों ने एक दूसरे को दी बधाई
