बरेली: विभाग बताएं कितनी इकाइयां और निवेश प्रभावित हो रहा
बरेली, अमृत विचार। जिला उद्योग बंधु समिति और डिस्ट्रिक्ट लेवल एक्सपोर्ट प्रमोशन कमेटी की बैठक की बुधवार को अध्यक्षता करते हुए डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने कहा कि जिले में नीतिगत समस्याओं की वजह से कितनी इकाइयां और निवेश प्रभावित हो रहे हैं, विभाग इसकी इकाईवार जानकारी आईआईए को उपलब्ध कराए। इस दौरान डेडीकेटेड सेल के गठन को लेकर प्रस्ताव सौंपा गया। इससे एक ही छत के नीचे उद्यमियों, निर्यातकों को सभी सुविधाएं मिल सकेंगी।
उपायुक्त उद्योग ने एक्शन प्लान के लिए चयनित चार उत्पादों में मेंथा, चावल, जरी-जरदोजी, बोनलेस मीट के बारे में जानकारी दी। डीएम ने एक सप्ताह में डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट से संबंधित सुझाव उपायुक्त उद्योग को दिए जाने की बात कही। उपायुक्त उद्योग को 15 दिन में सभी निर्यातकों, उद्यमी संगठनों, एपीडा, डीजीएफटी, फियो व अन्य सभी संबंधित संस्थाओं के साथ बड़े स्तर पर कार्यशाला कराने के आदेश दिए।
उपायुक्त उद्योग ने समिति को बताया कि हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन, मैक्स विलिस ग्रुप को अग्निशमन विभाग से छह मीटर रोड होने की वजह से एनओसी नहीं मिल रही है। मामले के निस्तारण के लिए अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त को पत्र लिखा गया है। निवेश पोर्टल पर लंबित मामलों के निस्तारण की बात उपायुक्त उद्योग की ओर से कही गई। इस दौरान संयुक्त आयुक्त उद्योग सर्वेश्वर शुक्ला, उप निदेशक डीजीएफटी, कस्टम समेत अन्य विभागाें के अधिकारी मौजूद रहे।
यह विभाग होंगे शामिल
डेडीकेटेड सेल में उद्योग विभाग, डीजीएफटी, एक्सपोर्ट प्रमोशन ब्यूरो, ओडीओपी सेल, एपीडा, कस्टम, कृषि विपणन एवं निर्यात आदि को शामिल किया जाएगा।
जिला उद्योग बंधु की बैठक में उठे यह मुद्दे
- औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा में सड़कों के चौड़ीकरण का मामला उठा। सहायक अभियंता नगर निगम ने कहा कि कार्य की स्वीकृति हो चुकी है। 31 अगस्त को टेंडर खोला जाएगा।
- औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा के अध्यक्ष अजय शुक्ला ने कहा कि पीएनसी की ओर से कराए जा रहे निर्माण की वजह से नाले के ऊपर की मिट्टी हटा ली गई, इससे गड्ढे बन गए हैं। जरा सी बारिश होने पर जलभराव की समस्या हो जाती है। 26 अगस्त काे निरीक्षण की बात हुई है।
- औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा बंडिया सड़क नंबर 5 पर नाला निर्माण को लेकर सहायक अभियंता निगम ने कहा कि डीपीआर सीएंडडीएस, जल निगम ने तैयार कर शासन को भेज दी है।
- औद्योगिक क्षेत्र भोजीपुरा में पीडब्ल्यूडी की ओर से कराए जा रहे कार्य को लेकर सहायक अभियंता ने कहा कि कार्य पूरा हो गया है। हैंडओवर की प्रक्रिया की जा रही है।
- अटामांडा से धौराटांडा तक 6 किमी सड़क चौड़ीकरण को लेकर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने कहा कि मुख्यालय स्तर पर स्वीकृति हो गई है। शासन को मामला भेजा गया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर भाजपा नेताओं ने आतिशबाजी छोड़कर मनाया जश्न
