चांद पर चंद्रयान, भारत महान...मिशन चंद्रयान-3 पूरा होते ही खुशी से झूम उठा मुरादाबाद
स्कूल-कॉलेजों में छात्र- छात्राएं और शिक्षक बने ऐतिहासिक पल के साक्षी, कंप्यूटर और मोबाइल पर लाेगों ने देखा लाइव प्रसारण
मुरादाबाद, अमृत विचार। चंद्रयान 3 के विक्रम लैंडर के चांद पर सफलतापूर्वक पहुंचने पर जिले में जश्न मना। लोग टीवी और कंप्यूटर स्क्रीन के अलावा मोबाइल पर इसका सीधा प्रसारण देखकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। स्कूल-कॉलेजों में विशेष तौर पर सीधा प्रसारण देखने का प्रबंध किया गया। छात्र-छात्राओं ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त कर कहा कि देश के वैज्ञानिकों ने स्वर्णिम उपलब्धि हासिल की है।
शिशु वाटिका इंटर कॉलेज और एसवी पब्लिक स्कूल गोविंद नगर में छात्र-छात्राओं को चंद्रयान 3 के विक्रम लैंडर के चांद पर उतरने का सीधा प्रसारण दिखाया गया। स्कूल प्रबंधक अनुज अग्रवाल ने बच्चों का मनोबल बढ़ाया। स्कूल प्रबंधन ने इसरो के वैज्ञानिकों की इस सफलता पर उन्हें बधाई दी। उम्मीद जताई कि वैज्ञानिक इसी प्रकार सफलता हासिल कर देश का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर बच्चों में उत्साह था। इस अवसर पर शिशु वाटिका इंटर कॉलेज, एसवी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य हरनिवास गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
गांधीनगर में आतिशबाजी कर मनाई खुशी
मुरादाबाद। गांधीनगर में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की खुशी में क्षेत्र वासियों ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई। इस दौरान सचिन अग्रवाल, प्रतीक मित्तल, सुवंश, कमल गुलाटी, नवदीप टंडन, अभिनव बंसल, मोनू मित्तल, अनिल, विनायक गर्ग, शिक्षा, सागर, संदीप, विदुर गर्ग, पराग, होरीलाल मौजूद रहे।
अधिकारियों में खुशी बोले, बढ़ा देश का गौरव
मुरादाबाद। चंद्रयान 3 के विक्रम लैंडर के चांद पर सफलतापूर्वक पहुंचने पर नागरिकों के साथ ही सामाजिक और युवाजनों ने भी प्रसन्नता जताई है। लोगों ने इसे ऐतिहासिक क्षण और उपलब्धि बताकर देश के नागरिकों और इसरो के वैज्ञानिकों को इस सफलता पर बधाई दी है।
व्यापारियों ने आतिशबाजी कर मनाई दीपावली
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल एवं संयुक्त व्यापार मंडल के तत्वाधान में व्यापारियों ने बर्तन बाजार में दीपावली मनाई। व्यापारियों ने कहा कि आज हमारे लिए गौरव का क्षण है। जो कार्य आज तक किसी सरकार ने नहीं किया, वह आज मोदी सरकार ने कर दिखाया। दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। व्यापारियों ने चंद्रयान की लैंडिंग पर वैज्ञानिकों को बधाई दी। व्यापारियों ने इस मौके पर आतिशबाजी की। इस दौरान प्रदेश युवा अध्यक्ष विपिन गुप्ता, संयुक्त व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, अजय अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, सुनील कत्याल, संजय सहगल आदि मौजूद रहे।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने देखा लैंडिंग का सीधा प्रसारण
मुरादाबाद। चंद्रयान-3 ने चांद पर की सफल लैंडिंग से देश गौरवांवित हुआ है।मंडल के रेलवे स्टेशनों पर टीवी स्क्रीन पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग का लाइव प्रसारण दिखाया गया। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर भी टीवी स्क्रीन लगाकर यात्रियों को चंद्रयान की लैंडिंग दिखाई गई। इसके अलावा मंडल के दूसरे स्टेशनों पर भी लैंडिंग का प्रसारण हुआ। स्टेशनों पर रेल यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों ने इस अकल्पनीय पल को अपने सामने रचते हुए देखा।
नगर संसाधन केंद्र गांधी पार्क में बच्चों और शिक्षकों ने देखी चंद्रयान-महाअिभयान की सफलता
मुरादाबाद। नगर संसाधन केंद्र गांधी पार्क के कंपोजिट विद्यालय में शाम को बच्चों और शिक्षकों ने एक साथ डिजिटल स्क्रीन पर चंद्रयान 3 के विक्रम लैंडर के चांद पर पहुंचने को सीधा प्रसारण के माध्यम से देखा। इस दौरान राहुल शर्मा के अलावा अन्य शिक्षक और विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस अवसर पर शिक्षकों ने इसरो के वैज्ञानिकों को सफलता पर बधाई दी और कहा कि उन्होंने देश का मान बढ़ाया है। वहीं, विश्व हिंदू परिषद ने भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जश्न मनाया। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ने मधुबनी चौराहे पर उल्लास के साथ चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग पर मिष्ठान वितरित कर आतिशबाजी की। एक दूसरे को बधाई और शुभकामनाएं दी। विहिप के केंद्रीय सदस्य डॉ. राजकमल गुप्ता ने कहा कि चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान 3 के विक्रम लैंडर की सफल लैंडिंग हो गई है। भारत चंद्रमा पर पहुंचने वाला चौथा देश बन गया है। अब भारत को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। इस मौके पर विहिप के विभाग मंत्री नवदीप अग्रवाल, पंकज नागर, साकार भटनागर,अविनाश गुप्ता, नवदीप सिंह, अक्षत महरोत्रा, आदित्य, राकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : चंद्रयान-3 अभियान : कर लो चांद मुट्ठी में...चांद तक पहुंचने का अब तक का पूरा सफरनामा
