Banda News: मंडी समिति में रात के वक्त अराजकतत्वों का जमघट, व्यापारी संगठन ने एसपी से की शिकायत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में व्यापारी संगठन ने एसपी से की लिखित शिकायत की।

बांदा में व्यापारी संगठन ने एसपी से की लिखित शिकायत की। उन्होंने बताया कि मंडी समिति में रात के वक्त अराजकतत्वों का जमघट रहता है।

बांदा, अमृत विचार। कृषि उत्पादन मण्डी समिति में रात के वक्त अराजक तत्वों का जमघट लग रहा है। शराबी यहां नशा करके तमाम आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। तमाम घटनाओं के बाद भी इस पर रोक नहीं लग पा रही है, जिसको लेकर व्यापारी भयभीत हैं। जिला उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को लिखित रूप से शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।

जिला उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक से लिखित रूप से की गई शिकायत में बताया कि कृषि उत्पादन मण्डी समिति में अराजक तत्वों ने अपना डेरा जमा रखा है। रात के वक्त परिसर में अराजक तत्वों का यहां जमघट लगता है। अराजक तत्व शराब पीकर अय्याशी करते हैं और आपराधिक घटनाएं दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं।

व्यापारियों ने बताया कि रात्रि के वक्त परिसर में अंधेरा रहता है और अपराधी इसका फायदा उठाते हैं। जिसको लेकर व्यापरियों में असुरक्षा है। व्यापारियों ने शिकायत पत्र में बताया कि गत 4 अगस्त को हमारे एक व्यापारी की कार को रात्रि में कुछ अराजक तत्वों ने पत्थर व डण्डों से क्षतिग्रस्त कर दिया।

इसी तरह 20 अगस्त को एक व्यापारी की दुकान का ताला तोड़कर बदमाशों ने साढ़े तीन लाख रुपया पार कर दिया। 23 अगस्त को मंडी प्रांगण में ही एक गल्ला व्यापारी के साथ इन्हीं अराजक तत्वों ने रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया और विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज की। एक अन्य गल्ला व्यापारी का अराजक तत्वों ने 330 बोरा लाही पार कर दी। हालांकि पुलिस की सक्रियता से दोषी व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया था।

व्यापारियों ने यह भी बताया कि उनके संगठन ने पुलिस महानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र से भी ने पूर्व में भी लिखित रूप से शिकायत कर मंडी परिसर में रात्रि गश्त बढ़ाये जाने की मांग की थी। कुछ दिन गश्त भी हुई, लेकिन बाद में वह भी बंद हो गई। इस मौके पर संगठन के महामंत्री कमलेश कुमार गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष शिवपूजन गुप्ता, महामंत्री राजकुमार गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, अध्यक्ष सत्यप्रकाश सर्राफ व संतोष कुमार अनशनकारी आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार