Kanpur Dehat News: बारिश से कटी इंद्रपुरा की मुख्य सड़क, बीमार-बच्चों को मुसीबत, लोगों में आक्रोश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में बारिश से कटी इंद्रपुरा की मुख्य सड़क।

कानपुर देहात में बारिश से कटी इंद्रपुरा की मुख्य सड़क। शिकायत के पांच साल बाद भी मरम्मत नहीं हुई। जिससे लोगों में आक्रोश है।

कानपुर देहात, अमृत विचार। बीहड़ पटटी के इंद्रपुरा गांव जाने वाली मुख्य सड़क बारिश में कटने से सड़क पर जलभराव हो गया है। अफसरों से मांग के बावजूद सड़क की मरम्मत न होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। 

राजपुर ब्लॉक क्षेत्र के इंदपुरा गांव के लोगों ने बताया कि बताया कि गांव की मुख्य पक्की सड़क पांच सालों से बदहाल पड़ी है। पिछले दिनों बारिश में सड़क पर मिट्टी कटान होने से आधी सड़क बह गई है। गांव के दूसरे छोर की इंटरलॉकिंग सड़क पर जलनिकासी की व्यवस्था न होने से जलभराव है। जिसके बीच से ग्रामीणों को निकलना पड़ता है। मुख्य सड़क कटने से गांव तक चार पहिया वाहन नहीं पहंुचते हैं। जिससे बीमार होने पर मरीज को बाइक पर बैठाकर गांव बाहर तक लाना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों व अफसरों से शिकायत की गई। लेकिन कटी सड़क की आज तक मरम्मत नहीं की गई है। इसके चलते ग्रामीण तो परेशान हैं। साथ ही बच्चे दो किलोमीटर दूर जमालपुर इसी सड़क से स्कूल जाने को मजबूर हैं। कई बार बच्चे पानी में गिर जाते हैं। जिससे उनके कपड़े और बस्ता भी भीग जाता है। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ युक्त पानी भरा रहता है।

जिसमें दोपहिया वाहन चालक गिरकर चुटहिल हो जाते हैं। गांव के राजवीर सिंह, लाल जी सिंह, लखन सिंह, इंद्रपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह, रामदेव, रामजी, श्यामजी सिंह, सतनाम सिंह, परशुराम आदि ने बताया कि सड़क कट जाने से खेती के काम के लिए वाहन निकालने में बहुत कठिनाई होती है।

सड़क कट जाने से गहरी लंबी खाई हो गई है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में कटी सड़क मुसीबत बन गई है। गांव के बीचोंबीच सड़क कटे हुए पांच वर्ष हो गए है। लेकिन इसे आज तक नहीं बनवाया गया है।

इंद्रपुरा गांव जाने वाली मुख्य सड़क के बारिश से कटान होने की जानकारी मिली है। ब्लॉक अफसरों को सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं।- डॉ. पूनम गौतम (सिकंदरा एसडीएम)

संबंधित समाचार