मुरादाबाद: रेलवे के पुराने डीजल पॉवर हाउस में मिला युवक का शव, सनसनी
पुलिस करंट से मौत होने की जता रही आशंका, शव पोस्टमार्टम को भेजा
मुरादाबाद, अमृत विचार। रेलवे जंक्शन क्षेत्र में पुराने डीजल पॉवर हाउस में युवक का शव मिला है। पुलिस करंट से मौत होने की आशंका जता रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी सौरभ त्यागी ने बताया कि बंद पड़े डीजल पॉवर हाउस का चार्ज वर्तमान में बिजली विभाग के उप खंड अधिकारी उदय भान सिंह के पास है। इस पुराने खंडहर भवन में वर्तमान में ताला लगा रहता है। सुबह रेलवे आवासीय परिसर के लोगों ने दुर्गंध आने पर पुराने खंडहर में जाकर देखा तो वहां युवक का शव पड़ा था। सूचना पर पुलिस व बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे गए।
चौकी प्नभारी ने बताया कि पुराना डीजल पॉवर हाउस करीब 12-13 साल से बंद पड़ा है। बिल्डिंग भी जर्जर हो गई है। उन्होंने बताया कि उन्हें बिजली अधिकारियों से पता चला है कि पुराने डीजल पॉवर हाउस से होकर रेलवे आवासीय कॉलोनी तक बिजली सप्लाई की एक लाइन जाती है। उम्मीद जताई जा रही है कि संबंधित युवक चोरी करने के उद्देश्य से खंडहर में घुसा होगा और उसे करंट लग गया, इसी से उसकी मौत हो गई होगी।
फिलहाल, व्यक्ति की मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। मृतक की आयु करीब 35-40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर और सिविल लाइंस थानाध्यक्ष राम प्रसाद शर्मा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव अधिक पुराना नहीं है। चूंकि सामान्य या संदिग्ध मौत वाले मामलों की अपेक्षा करंट से मौत होने में शव काला पड़ जाता है और उसमें दुर्गंध जल्दी आने लगती है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : सिलेंडर ब्लास्ट से मकान क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचा परिवार...देखिए VIDEO
