मुरादाबाद : सिलेंडर ब्लास्ट से मकान क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचा परिवार...देखिए VIDEO

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किचन में महिला ने जैसे ही लाइटर जलाया, ब्लास्ट के साथ फटा सिलेंडर, पहले से लीक हो रही थी गैस

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिलेंडर में हुए ब्लास्ट से मकान क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि महिला गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे की वजह सिलेंडर से गैस की लीकेज बताई जा रही है। झुलसी महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा भोजपुर थाना क्षेत्र में ठीकरी गांव का है। यहां रहने वाले सद्दाम हुसैन ने बताया कि सुबह करीब 9.30 बजे उनकी पत्नी नसरीन रसोई में चाय बनाने गई थीं। जैसे ही नसरीन ने गैस चालू करने के बाद लाइटर जलाया, तुरंत सिलेंडर में लगे पाइप में आग लग गई। तेज लपट नसरीन के चेहरे तक आ गई और वह झुलस गईं। कुछ ही पल में तेज धमाके के साथ सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ।

धमाका इतना तेज था कि रसोई की दीवार और मकान का कुछ हिस्सा इसमें क्षतिग्रस्त हो गया। दीवार गिरने से उसकी चपेट में आए सद्दाम, उनका तीन साल का बेटा शहजाद अली, बहन तारेमीन और मां अनीसा घायल हो गए। आसपास के मकानों में भी कंपन महसूस हुआ। धमाके की आवाज सुनकर लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को कॉल की गई। हादसे में गंभीर रूप से झुलसी नसरीन और परिवार के बाकी लोगों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है।

सद्दाम ने बताया कि गांव-गाव फेरी लगाकर कपड़ा बेचने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि धमाका इतना तेज था कि पूरे गांव में उसकी आवाज गई। थोड़ी देर में ही लोग दौड़कर उनक घर आ गए थे। आसपास के लोगों ने बताया कि धमाके के दौरान उन लोगों के भी घर की दीवारों घमक काफी तेज सुनाई दी।

सद्दाम ने बताया कि गैस कैसे लीक हुई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं हो पाई है। हो सकता है कि चूहे ने गैस पाइप को काट दिया हाे। हादसे की सूचना पर पुलिस भी कुछ देर में मौके पर पहुंच गई थी। फायर ब्रिगेड को भी इसकी जानकारी दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सद्दाम ने बताया कि नसरीन के अलावा बाकी सभी घायलों को गुम चोटें आई हैं।

ये भी पढ़ें : ICC World Cup 2023 : बल्लेबाजी क्रम को लेकर बहस जारी, एबी डिविलियर्स बोले- विराट कोहली नंबर-4 के लिए परफेक्ट

संबंधित समाचार